
पोकरण. फलसूंड थानांतर्गत मेहरानगढ़ गांव के करमावली की ढाणी निवासी एक व्यक्ति की एक सप्ताह में लगातार दो बार सांप के डसने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार करमावली की ढाणी निवासी जोसबखां (35) पुत्र पठानखां गत 21 जून को खेत में काम कर रहा था। इस दौरान शाम के समय उसे एक सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में उसे पोकरण के राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां उसका 3 दिनों तक उपचार चला। स्वस्थ होने पर चिकित्सकों ने 24 जून को उसे छुट्टी दे दी। 25 जून की शाम वह घर में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान उसे फिर सांप ने डस लिया। इस बार उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उसे पोकरण के राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां गंभीर हालत के कारण प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जोधपुर रैफर कर दिया। जोधपुर में उपचार के दौरान बुधवार शाम उसने दम तोड़ दिया। गुरुवार को गांव में उसका अंतिम संस्कार हुआ। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और शोक की लहर छा गई। हालांकि दूसरी बार सांप के काटने पर परिवारजनों ने सांप को तलाश कर मार दिया, लेकिन परिवार के साथ ही पड़ौसियों व ढाणीवासियों में अभी तक सांप को लेकर भय का माहौल है।