अब पशुओं को मिलेगा घर
पोकरण. नगरपालिका की ओर से होली के त्यौहार पर विशेष अभियान के अंतर्गत आवारा व बेसहारा पशुओं को पकड़कर उन्हें गोशाला भिजवाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। गत दो दिनों में 100 से अधिक पशुओं को रामदेवरा गांव के पास स्थित गोशाला ले जाकर छोड़ा गया है। गौरतलब है कि पोकरण में गत लम्बे समय से आवारा व बेसहारा पशुओं केे कारण आमजन को परेशानी हो रही थी। मुख्य मार्गों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं का जमावड़ा लगा हुआ था। इन पशुओं के कई बार आपस में लडऩे से राहगीर व बाइक सवार चोटिल हो जाते थे। इसके अलावा मुख्य बाजार गांधी चौक व स्टेशन रोड पर हाथ ठेलों के आसपास आवारा पशु सब्जियों पर मंडराते रहते थे। जिसके कारण आमजन का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया था। इसी को लेकर नगरपालिका के अध्यक्ष मनीष पुरोहित व अधिशासी अधिकारी तौफिक अहमद की ओर से आवारा पशुओं को पकड़कर उन्हें गोशाला भिजवाने की योजना बनाई गई। जिसके अंतर्गत जमादार घनश्याम जोशी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम की ओर से गत दो दिनों से कस्बे में आवारा पशुओं को पकडऩे का अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन में 100 से अधिक पशुओं को पकड़कर रामदेवरा गांव के पास स्थित नंदी गोशाला में छोड़ा गया। आवारा पशुओं को गोशाला भिजवाने से कस्बेवासियों को राहत मिली है। पालिकाध्यक्ष पुरोहित ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा सभी आवारा व बेसहारा पशुओं को गोशाला भिजवाया जाएगा।