जैसलमेर

सरकारी विद्यालयों में इस कार्य के लिए सौ करोड़ से भी अधिक राशि स्वीकृत, फिर भी शुरू नहीं हुआ काम

-खेल मैदानों के निर्माण के साथ करवाए जाने थे विकास कार्य - 106.05 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत, लेकिन शुरू नहीं कार्य
2 min read
Jul 08, 2018
Sports grounds work in government schools only approved at eight place
सरकारी विद्यालयों में इस कार्य के लिए सौ करोड़ से भी अधिक राशि स्वीकृत, फिर भी शुरू नहीं हुआ काम

जैसलमेर/पोकरण. सरकारी विद्यालयों में बच्चों में खेल की भावना को बढ़ावा देने व उनके शारीरिक व मानसिक विकास को लेकर ग्राम पंचायतों माध्यम से खेल मैदान के निर्माण करवाने की योजना पंचायत समिति सांकड़ा की ग्राम पंचायतों में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही। जिम्मेदारों की ओर से रुचि नहीं लेने से यह निराशाजनक स्थिति बनी है। यही कारण है कि दो वर्ष बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों का विकास नहीं हो पाया है। कार्य स्वीकृत हो जाने के बावजूद पूरा नहीं होने के कारण आज भी खेल प्रतिभाएं आगे नहीं आ पा रही है। गौरतलब है कि ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण करवाया जाना था। पंचायत समिति सांकड़ा क्षेत्र की 44 ग्राम पचंायतों में से 20 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर खेल मैदानों का निर्माण करवाने का लक्ष्य दिया गया था। यहां खेल मैदानों के निर्माण के साथ ट्रेक व अन्य विकास कार्य करवाए जाने थे।

आठ जगहों पर हुआ स्वीकृत, वहां भी अधूरा पड़ा कार्य
पंचायत समिति सांकड़ा क्षेत्र में 20 ग्राम पंचायतों की बजाय आठ जगहों पर ही खेल मैदानों का निर्माण कार्य शुरू किया गया। यहां भी अभी तक कार्य अधूरा पड़ा है। इन आठ जगहों पर 106.05 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। दो वर्ष बाद भी इन ग्राम पंचायतों में कार्य पूर्ण नहीं हो सका है, तो शेष ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण शुरू भी नहीं करवाया गया। जिसके चलते खिलाडिय़ों को उचित प्लेटफार्म नहीं मिल पा रहा है तथा सरकार की मनसा भी साकार होती दिखाई नहीं दे रही है ।

इतनी राशि हुई स्वीकृत
ग्राम पंचायत मजदूरी (लाखों में) सामग्री (लाखों में)
फलसूण्ड 7.73 5.86
लोहारकी 77.3 6.17
लाठी 7.73 6.17
ओढाणिया 7.73 5.86
राजमथाई 7.73 6.68
रातडिय़ा 8.97 5.99
सनावड़ा 4.62 3.08
डिडाणिया 7.73 6.17

फैक्ट फाइल:-
- 44 ग्राम पंचायतें है सांकड़ा क्षेत्र में
- 20 खेल मैदानों का रखा गया था लक्ष्य
- 8 ग्राम पंचायतों ने शुरू किया कार्य
- 2 साल बाद भी पूर्ण नहीं हुआ कार्य

Published on:
08 Jul 2018 04:48 pm