जैसलमेर

राजस्थान के भारत-PAK सरहद से पकड़ा गया एक और संदिग्ध, ISI के लिए जासूसी करने का संदेह

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Mar 11, 2019
SPY arrested in Jaisalmer Rajasthan India Pakistan Border

जैसलमेर।

सरहदी जैसलमेर जिले में आए दिन संदिग्धों की धरपकड़ के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार जिले के सम क्षेत्र के गांगा बस्ती निवासी नवाब खां पुत्र मठार खां को सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा है। बताया जा रहा है सुरक्षा एजेंसियां आरोपी को जयपुर साथ ले गई।


जानकारी के अनुसार नवाब खां सम क्षेत्र में जीप चलाने का कार्य करता है। उस पर आइएसआई के लिए जासूसी करने का संदेह है। कई महीनों से उस पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी थी। गौरतलब है कि भारत-पाक के बीच तनावपूर्ण माहौल के बीच जैसलमेर जिले में अब तक एक दर्जन संदिग्धों को पकड़ा जा चुका है।


फ़िल्मी अंदाज़ से दबोचा
जानकारी यह भी सामने आई है कि जयपुर से आई टीम ने उसे फिल्मी अंदाज में दबोचा। वे जीप सफारी के ग्राहक बनकर गए और घूमने के बाद अपना मोबाइल सम में ही छोड़कर आगे बढ़ गए। नवाब के साथ जैसलमेर आने पर उन्होनें मोबाइल सम में ही भूल आने की बात कही और उसके परिचित को मोबाइल के साथ बुलाया। नवाब के परिचित के पहुंचने पर उसे जीप सौपकर नवाब के जयपुर साथ ले गए।


इससे पहले शनिवार को ही जैसलमेर जिले के रामगढ क्षेत्र से एक और संदिग्ध को पकड़ा गया है। इस संदिग्ध को सेना ने पकड़ कर रामगढ़ पुलिस के हवाले किया। पकड़े गए संदिग्ध फतन खां निवासी सियालों की बस्ती, सम के पास से कुछ पेन ड्राइव भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उसके पिछले साल पाकिस्तान की यात्रा करने और वहां किसी से वीडियो कॉल करने की बात सामने आई है।

रामगढ़ थानाधिकारी कांतासिंह ढिल्लो ने बताया कि फतन खां सेना के कैम्प के पास वाहन में भेड़-बकरियां लोडकर रहा था। सेना के जवानों को शक होने पर उन्होंने उसकी तलाशी ली। फतन खां के पास से 5-6 पेन ड्राइव बरामद की गई। सेना ने उसे रामगढ़ पुलिस थाने के हवाले किया है।

जानकारी के अनुसार, फतन खां ने पाकिस्तान में किसी राणे खां से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की है। फतन खां के जासूस होने का संदेह जताया जा रहा है। गौतरलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच गत दिनों से फैले तनाव के दौरान अब तक जैसलमेर जिले में करीब 10 जनों को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पकड़ा जा चुका है।

Published on:
11 Mar 2019 07:37 am