जैसलमेर

…ताकि यहाँ मेघों की मेहरबानी से न आ पाए कोई जलजला,सम मार्ग पर शुरू करवाया यह कार्य

हादसों पर लगाम लगाने की कवायद- सम मार्ग पर शुरू करवाया पुलिया कार्य- बरसाती नदी आने की समस्या भी होगी दूर
2 min read
Apr 05, 2019
jaisalmer
...ताकि यहाँ मेघों की मेहरबानी से न आ पाए कोई जलजला,सम मार्ग पर शुरू करवाया यह कार्य

जैसलमेर. जैसलमेर-सम मार्ग पर आए दिन घटित होने वाले हादसों पर नियंत्रण करने और तेज बारिश के समय बरसाती नदी के सडक़ पर आ जाने से घंटों तक यातायात बाधित रहने की समस्या से सैलानियों सहित स्थानीय बाशिंदों तथा अन्य लोगों को राहत दिलाने की कवायद शुरू की गई है। सम मार्ग पर कुलधरा से ठीक पहले गहराई में आई सडक़ पर सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से पाइप पुलिया का निर्माण कार्य पिछले दिनों शुरू किया गया है। 50 लाख रुपए की लागत वाले इस पुलिया का निर्माण चालू माह में होने की उम्मीद जताई गई है।
पानी नहीं ठहरेगा
जानकारी के अनुसार पुलिया का निर्माण सडक़ के उसी हिस्से में करवाया जा रहा है, जो काफी गहराई में आया हुआ है। इस वजह से तेज बारिश के दौरान यहां बरसाती नदी का पानी लम्बे समय तक जमा रहता है और वाहनों की आवाजाही थम जाती है। इसके अलावा सडक़ के नीचे होने से वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन नजर नहीं आते थे, जिससे कई बार हादसे घटित हो चुके हंै। बताया जाता है कि इस जगह पर सडक़ का स्तर डेढ़ मीटर तक ऊंचा किया जा रहा है और नीचे आरसीसी के ह्यूम पाइप लगाए जाएंगे। जिसके चलते बरसाती पानी उन पाइपों के जरिए पार निकल जाएगा और यातायात बाधित नहीं होगा और न ही पानी में वाहन बहने जैसी दुर्घटना घटित होगी।
लम्बे अर्से से उठ रही थी मांग
जैसलमेर-सम मार्ग पर्यटन के लिहाज से जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। इसके बावजूद यहां सडक़ का असमान स्तर, गोलाइयां सडक़ हादसों का कारण बनती रही है। बीते अर्से यहां सैलानियों के साथ स्थानीय बाशिंदों के दर्दनाक हादसे का शिकार बनने के बाद सडक़ सुधार की मांग जोर-शोर से उठी। तब हरकत में आई पुलिस और प्रशासन ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को जरूरी कार्य करने के लिए निर्देशित किया था। सम कैम्प एंड रिसोट्र्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष कैलाश व्यास ने बताया कि उनके संगठन ने भी जैसलमेर-सम मार्ग को सुरक्षित यातायात के लिहाज से तैयार करने के लिए कई सुझाव समय-समय पर प्रशासन को दिए। इनमें से एक पर अब पुलिया निर्माण होने से बरसात के दिनों में घंटों तक लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सकेगी।

ताकि न हो हादसे
सम मार्ग पर पाइप पुलिया का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जिससे यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र वाहनों की आवाजाही के लिए सुरक्षित हो सके।
- अणदाराम मेघवाल, सहायक अभियंता, सानिवि, जैसलमेर

Published on:
05 Apr 2019 05:49 pm