
लाठी (जैसलमेर). राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर लाठी के मुख्य बाजार में रविवार कोअचानक एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने कुछ देर के लिए लोगों की चिंता बढ़ा दी। एयरफोर्स अधिकारियों को लेकर जा रहा वाहन अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से जा भिड़ा। टक्कर के साथ ही विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर जमीन पर आ गिरे। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सात एयरफोर्स अधिकारी सवार थे। हादसे के बाद सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी अधिकारी या राहगीर को चोट नहीं आई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
टक्कर की तेज आवाज से मुख्य बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानों पर मौजूद लोग और राहगीर तुरंत घटनास्थल की तरफ पहुंचे। सड़क किनारे क्षतिग्रस्त वाहन, गिरा हुआ विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सामाजिक कार्यकर्ता मांगीलाल दर्जी, कैलाश मेघवाल, रावल बंजारा और गणेश पंवार सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे में सबसे राहत वाली बात यह रही कि दुर्घटना के समय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद थी। स्कॉर्पियो के ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद पोल और विद्युत उपकरण जमीन पर गिर गए, लेकिन बिजली बंद होने से करंट फैलने का खतरा नहीं बना। यदि उस समय विद्युत आपूर्ति चालू रहती तो दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के लिए स्थिति और गंभीर हो सकती थी। हादसे के कारण आसपास की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई।
प्रारंभिक जानकारी में स्कॉर्पियो का टायर फटना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई। सूचना मिलते ही लाठी थाने के सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया। मामले की जांच जारी है।