जैसलमेर

JAISALMER NEWS- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम या फिर खानापूर्ति, जानिए रामदेवरा मेले की पूरी हकीकत…

वर्ष का दूसरा सबसे बड़ा मेले में व्यवस्थाएं नाम मात्र की- प्रशासनिक स्तर पर नहीं तैयारी- 65 पुलिसकर्मियों के भरोसे रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

2 min read
Jaisalmer patrika
patrika news

पोकरण क्षेत्र के रामदेवरा गांव में शुक्रवार से साल का दूसरा सबसे बड़ा माघ मेला भरेगा। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई तैयारी नहीं की जा रही है। इसके चलते मेले के दौरान अव्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। गौरतलब है कि रामदेवरा में वर्ष का सबसे बड़ा मेला भरता है। इसमें 30 से 40 लाख श्रद्धालु बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने आते हैं। इस दौरान प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जाती है। उपखण्ड स्तर से लेकर संभाग स्तर के अधिकारियों की बैठकें होती है। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर भी 1500 से 2000 पुलिसकर्मी लगाए जाते हैं। इसके अलावा बिजली, पानी, चिकित्सा, सफाई, परिवहन सहित सभी विभागों की ओर से अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाएं की जाती है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो।
वर्ष का दूसरा बड़ा मेला
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ माह को सर्वश्रेष्ठ महिना माना जाता है। इस दौरान रामदेवरा में दूसरा सबसे बड़ा माघ मेला भरता है। एक पखवाड़े तक चलने वाले इस मेले में देश के कोने-कोने से प्रतिदिन 25 से 30 हजार श्रद्धालु दर्शनों के लिए आते हैं। ऐसे में लगातार 15 दिन तक चलने वाले इस मेले में करीब पांच लाख श्रद्धालु बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करते है। जिसके चलते यहां श्रद्धालुओं की रेलमपेल व चहल पहल नजर आती है।

IMAGE CREDIT: patrika

नहीं होती प्रशासनिक व्यवस्थाएं
मेले के दौरान प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाती है। प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की बैठक कर क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, चिकित्सा, परिवहन आदि व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए जाते है। 80 फीसदी तक व्यवस्थाएं बेहतर भी होती है, लेकिन माघ मेले के दौरान न तो कोई प्रशासनिक बैठक होती है, न ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोई विशेष प्रयास किए जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को कई तरह की परेशानियों से रूबरू होना पड़ता है।
सुरक्षा व्यवस्था नाममात्र के पुलिसकर्मियों के भरोसे
मेले के दौरान आरएसी बटालियनों के साथ आईजी रेंज क्षेत्र से 1500 से 2000 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रामदेवरा में लगाए जाते है, लेकिन माघ मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कोई विशेष इंतजाम नहीं है। रामदेवरा पुलिस थाने में करीब 40 पुलिसकर्मी कार्यरत है। सूत्रों के अनुसार माघ मेले को लेकर वृत्तक्षेत्र से 25 पुलिसकर्मियों की मांग की गई है। ऐसे में माघ मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था नाममात्र के पुलिसकर्मियों पर ही रहेगी।
फैक्ट फाइल:-
- 15 दिनों तक चलेगा माघ मेला
- 30 से 40 लाख श्रद्धालु आते है मेले के दौरान रामदेवरा
- 5 लाख श्रद्धालु माघ मेले में आएंगे रामदेवरा
- 2 हजार पुलिसकर्मी लगाए जाते है मेले के दौरान
- 65 पुलिसकर्मी रहेंगे सुरक्षा व्यवस्था में तैनात

IMAGE CREDIT: patrika
Published on:
18 Jan 2018 10:28 am