जैसलमेर

Jaisalmer: सुभाष पार्क संवरेग, मिलेगा हरियाली और सुकून का नया ठिकाना

पोकरण के फोर्ट रोड स्थित सुभाष पार्क की तस्वीर अब जल्द बदलने वाली है। वर्षों की उपेक्षा के बाद नगरपालिका ने पार्क के जीर्णोद्धार को मंजूरी देते हुए झूले, बेंच, हरियाली और सार्वजनिक शौचालय सहित कई सुविधाएं विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे स्थानीय लोगों के साथ जैसलमेर और रामदेवरा आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को भी बेहतर सार्वजनिक स्थल मिल सकेगा।
2 min read
Aug 01, 2026
pokaran park photo
पोकरण. फोर्ट रोड स्थित सुभाष पार्क

पोकरण. फोर्ट रोड स्थित सुभाष पार्क के विकसित होने का वर्षों पुराना इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। लंबे समय से उपेक्षा झेल रहे इस पार्क के जीर्णोद्धार को नगरपालिका ने मंजूरी दे दी है। पार्क में बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे, बैठने के लिए बेंच लगेंगी, हरियाली विकसित की जाएगी और समीप सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी होगा। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं। विकास कार्यों पर करीब 10 से 15 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। पोकरण को जैसलमेर का प्रवेश द्वार माना जाता है। जैसलमेर पहुंचने वाले अधिकांश पर्यटक इसी मार्ग से गुजरते हैं। रामदेवरा आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का भी पोकरण प्रमुख पड़ाव रहता है। इसके बावजूद कस्बे में ऐसा विकसित सार्वजनिक उद्यान नहीं था, जहां स्थानीय परिवार, पर्यटक और श्रद्धालु कुछ समय सुकून से बिता सकें। ऐसे में सुभाष पार्क के पुनर्विकास से लंबे समय से महसूस की जा रही कमी दूर होने की उम्मीद है।

हकीकत: चार उद्यान, लेकिन उपयोगी केवल एक

कस्बे में नेहरू बालोद्यान, सुभाष पार्क, व्यास बालोद्यान और हनुमान वाटिका सहित चार सार्वजनिक उद्यान हैं। इनमें हनुमान वाटिका अपेक्षाकृत विकसित है, लेकिन तालाब किनारे स्थित होने और सीमित क्षेत्रफल के कारण उसका लाभ आसपास के लोगों तक ही सीमित है। नेहरू बालोद्यान, सुभाष पार्क और व्यास बालोद्यान लंबे समय से देखरेख के अभाव में बदहाल स्थिति में हैं।

पत्रिका की मुहिम के बाद बदली तस्वीर

फोर्ट रोड स्थित सुभाष पार्क करीब डेढ़ दशक पहले विकसित किया गया था। उस समय चारदीवारी, पौधारोपण और फव्वारे जैसी सुविधाएं तैयार की गई थीं। समय के साथ फव्वारे बंद हो गए, हरियाली खत्म हो गई और रखरखाव नहीं होने से पार्क वीरान हो गया। इस स्थिति को लेकर राजस्थान पत्रिका ने लगातार समाचार प्रकाशित कर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित किया। अब नगरपालिका ने पार्क के पुनर्विकास का निर्णय लिया है।

होंगे प्रमुख विकास कार्य

- बच्चों के लिए नए झूले लगाए जाएंगे।

- बैठने के लिए बेंच स्थापित होंगी।

- पौधरोपण कर हरियाली विकसित की जाएगी।

- पार्क के समीप सार्वजनिक शौचालय बनाया जाएगा।

- पार्क परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।

गुणवत्तापूर्ण कार्य कराए जाएंगे

सुभाष पार्क के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराए जाएंगे, जिससे पार्क आमजन के लिए बेहतर सुविधा केंद्र बन सके।

-झब्बरसिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका, पोकरण

Updated on:
01 Aug 2026 08:27 pm
Published on:
01 Aug 2026 08:27 pm