1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer: बारिश से महका मरुस्थल, खुले घासस्थलों में पंख फैलाकर थिरका राज्य पक्षी गोडावण

लाठी क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद लौटी हरियाली ने थार के दुर्लभ वन्यजीवों में नई हलचल पैदा कर दी है। खेतोलाई के निकट घासस्थल में राजस्थान के राज्य पक्षी गोडावण का दुर्लभ प्रणय नृत्य कैमरे में कैद हुआ, जो इसके प्रजनन काल की अहम गतिविधि माना जाता है। विशेषज्ञ इसे गोडावण के संरक्षण और सफल प्रजनन की दिशा में सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।
2 min read
Google source verification
jaisalmer photo godawan

जैसलमेर. धोलिया गांव के निकट घासस्थल में बारिश के बाद सुहावने मौसम के बीच प्रणय नृत्य करता राज्य पक्षी गोडावण।

लाठी (जैसलमेर). हाल ही में हुई अच्छी बारिश के बाद लाठी क्षेत्र के घासस्थलों में वन्यजीवों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम सुहावना होने के साथ ही हरियाली लौटने पर राजस्थान के राज्य पक्षी गोडावण का दुर्लभ प्रणय नृत्य देखने को मिला। खेतोलाई के निकट घासस्थल में नर गोडावण ने पंख फैलाकर, गर्दन फुलाते हुए और विशेष मुद्राओं के साथ मादा को आकर्षित करने का प्रयास किया। इस दुर्लभ दृश्य को वन्यजीव प्रेमी पंकज विश्नोई ने कैमरे में कैद किया। विश्नोई ने बताया कि थार मरुस्थल में पाया जाने वाला गोडावण भारत के सबसे दुर्लभ और गंभीर रूप से संकटग्रस्त पक्षियों में शामिल है। वर्षा ऋतु इसका प्रमुख प्रजनन काल होता है। इस दौरान नर गोडावण अपने शरीर के पंख फुलाकर, गर्दन को गुब्बारे की तरह फैलाते हुए विशेष प्रकार का प्रणय नृत्य करता है। इसका उद्देश्य मादा को आकर्षित कर प्रजनन प्रक्रिया को सफल बनाना होता है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार लाठी क्षेत्र के विस्तृत घासस्थल गोडावण के अंतिम सुरक्षित प्राकृतिक आवासों में गिने जाते हैं। अच्छी बारिश के बाद यहां घास और वनस्पति तेजी से विकसित होती है, जिससे गोडावण सहित अन्य वन्यजीवों को अनुकूल वातावरण मिलता है। ऐसे समय में दिखाई देने वाला प्रणय नृत्य सफल प्रजनन की सकारात्मक संभावना का संकेत माना जाता है।

लाठी क्षेत्र के घासस्थलों में दुर्लभ प्रणय नृत्य कैमरे में हुआ कैद

विशेषज्ञों का कहना है कि गोडावण के ऐसे प्राकृतिक व्यवहार का दस्तावेजीकरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे इस दुर्लभ पक्षी के व्यवहार, प्रजनन और आवास संबंधी अध्ययन को नई जानकारी मिलती है। इसके साथ ही आमजन में जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। लाठी और आसपास के घासस्थल लंबे समय से गोडावण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

सड़क पार करते गोवंश से कार की टक्कर, गाय गंभीर घायल, कार क्षतिग्रस्त, लोग सुरक्षित

लाठी. क्षेत्र के खेतोलाई गांव के पास शनिवार शाम सड़क पार कर रहे गोवंश में से एक गाय एक तेज रफ्तार कार से टकरा गई। दुर्घटना में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। जानकारी के अनुसार खेतोलाई गांव के पास कुछ गोवंश सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान जैसलमेर से पोकरण की ओर जा रही एक कार की एक गाय से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाय दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने सूझबूझ से काम लेते हुए समय रहते कार को नियंत्रित कर लिया, जिससे वह पलटने से बच गई।