जैसलमेर जिले के बासनपीर गांव में जुंझार रामचंद्र सोढ़ा और हदूद पालीवाल की छतरियों के पुनर्निर्माण को रुकवाने के लिए किए गए पथराव के दूसरे दिन हालात पूरी तरह से सामान्य बने रहे।
जैसलमेर जिले के बासनपीर गांव में जुंझार रामचंद्र सोढ़ा और हदूद पालीवाल की छतरियों के पुनर्निर्माण को रुकवाने के लिए किए गए पथराव के दूसरे दिन हालात पूरी तरह से सामान्य बने रहे। छतरी स्थल के पास शुक्रवार को दिन भर आम व खास लोगों का जमावड़ा लगा रहा। जनप्रतिनिधियों ने सर्व समाज के लोगों के साथ बैठकें की और दूसरी तरफ गुरुवार से जारी छतरी निर्माण का कार्य अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। एक छतरी निर्मित हो चुकी है और दूसरी का काम जारी है। इससे पहले पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने गुरुवार को छतरी स्थल के पास ही रात्रि विश्राम किया। वहां जागरण का कार्यक्रम हुआ। शुक्रवार को भी धार्मिक भजनों के गायन का सिलसिला चला। शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी दोपहर में बासनपीर पहुंचे। उन्होंने छतरी निर्माण करवा रहे प्रतिनिधियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इधर शुक्रवार को भारी संख्या में पुलिस बल मौका स्थल व गांव क्षेत्र में तैनात रहा। किसी तरह की अप्रिय वारदात इस दौरान सामने नहीं आई।
बासनपीर में जुंझारों की छतरियों के निर्माण को लेकर हुए विवाद के बाद शुक्रवार को भी दिनभर ग्रामीणों का वहां पहुंचने का सिलसिला चला। जिले भर के विभिन्न क्षेत्रों के लोग वहां पहुंचे और छतरी निर्माण के लिए अपना समर्थन जताया। सत्ताधारी भाजपा का पूरा काडर वहां पहुंचा। दूसरी ओर नागरिक और पुलिस प्रशासन इस मामले में करीबी नजरें बनाए हुए है।
पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने शुक्रवार को कहा कि जब तक छतरियों का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक वे यहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि ये छतरियां हमारी आस्था का स्थल है। एक संत और जनप्रतिनिधि के नाते उनका कर्तव्य है कि, यह कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि गुरुवार को बासनपीर में पत्थरबाजी की जो घटना हुई, वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह दु:ख का विषय है कि स्कूल में पढऩे वाले बच्चों को भी पत्थर फेंकने के उकसाया गया। महिलाओं को भी पत्थरबाज बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्दे के पीछे ब्रेनवॉश करने वाले बड़े लोग हैं।
शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी ने बासनपीर पहुंचने पर कहा कि इस क्षेत्र में इस तरह की घटना नहीं घटी। जो भी इसके पीछे हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए। उन्हें जानकारी मिली है कि दो दिन में जिला स्तर का कोई अधिकारी यहां नहीं पहुंचा हैं, यह चिंता का विषय है। यह सिस्टम की विफलता है। आला अधिकारियों को लोगों के बीच आना चाहिए।
बासनपीर में तालाब के पास छतरियों के निर्माण का बीते कई वर्षों से एक पक्ष विरोध करता आ रहा है। साल 2019 में छतरी को तोड़ा गया था। झुंझार धरोहर बचाओ संघर्ष समिति, हिंदू संगठनों सहित आमजन ने जिलेभर में आंदोलन किया गया था। साल 2021 में प्रशासन की मौजूदगी में काम शुरू करवाया गया था, लेकिन, फिर काम पूरा नहीं हो सका। गत गुरुवार को प्रशासन की लिखित स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य करवाया जा रहा था, तब समुदाय विशेष के लोगों ने विरोध करते हुए पथराव किया। महिलाओं व बच्चों ने भी पत्थर फेंके। कई गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे यह मामला तूल पकड़ गया।