जैसलमेर

Jaisalmer news- पेड़ो की अंधाधुंधे कटाई पर नहीं लगी रोक तो वन्यप्रेमी उठाएंगे यह बड़ा कदम

-वन्यजीवप्रेमी 21 को जिला मुख्यालय पर करेंगे प्रदर्शन
2 min read
• •
Updated: 19 Dec 2017, 7:41 PM IST
Jaisalmer patrika
patrika news

पोकरण वन विभाग के लाठी रेंज के अधीन धोलिया, सोढाकोर, लाठी, चांधन, डेलासर आदि क्षेत्र में वन विभाग की ओर से वर्षों पूर्व लगाए गए पेड़ों की कटाई की जा रही है। इसी को लेकर गत दिनों जिला कलक्टर की अध्यक्षता में लाठी में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों व वनप्रेमियों की ओर से पेड़ों की कटाई रोकने व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को लेकर ज्ञापन भी सुपुर्द किया गया था। लम्बे समय से यहां पेड़ों की कटाई हो रही है। कई पेड़ कटे हुए मौके पर पड़े है, तो कई पेड़ लोग उठाकर ले गए है। ग्रामीणों का मानना है कि जिस स्थान पर पेड़ काटे गए है, यहां खाली पड़ी भूमि पर अतिक्रमण होने की भी आशंका है।
5 वर्ष बाद ग्राम पंचायत को सुपुर्द
वन विभाग के सहायक वनसंरक्षक ब्रजमोहन गुप्ता ने बताया कि वन विभाग के नियमानुसार पौधों के लगाने, उनके संरक्षण, उनके बड़े हो जाने के पांच वर्ष बाद विभाग की ओर से इन पेड़ों को ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दिया जाता है। उसके बाद में उनकी देखरेख व संरक्षण की जिम्मेवारी ग्राम पंचायत की होती है। बावजूद इसके जिला कलक्टर के निर्देशानुसार वन्यक्षेत्र से बड़ी संख्या में पेड़ों को काटे जाने की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। क्षेत्रीय वन अधिकारी लाठी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए है। उनकी ओर से तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

IMAGE CREDIT: patrika

21 को करेंगे विरोध प्रदर्शन
वन्यजीव प्रेमियों की ओर से 21 दिसम्बर को जिला मुख्यालय पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। अखिल भारतीय जीव रक्षा विश्रोई सभा के तहसील संयोजक राधेश्याम पेमाणी ने बताया कि लाठी, धोलिया क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की जा रही है। जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। इसके अलावा जिलेभर में वन्यजीवों के शिकार की घटनाएं हो रही है। दूसरी तरफ सरकार व प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसी के विरोध में विश्रोई टाईगर फोर्स के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल भवाद व जीव रक्षा विश्रोई सभा के जिलाध्यक्ष रामधन मांजू के नेतृत्व में पर्यावरणप्रेमियों की ओर से 21 दिसम्बर को जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Published on: