जैसलमेर

नहीं थम रहा बसों के रूट का विवाद, बस को रुकवाकर लगाया जाम

- एक घंटे तक जाम रहा मुख्य मार्ग, पुलिस ने भीड़ को बिखेरा

2 min read
Oct 29, 2021
नहीं थम रहा बसों के रूट का विवाद, बस को रुकवाकर लगाया जाम


पोकरण. कस्बे से बीकानेर तक संचालित होने वाली निजी बसों के बीच रूट को लेकर विवाद थमने की बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को भी एक पक्ष की ओर से बस को रुकवाकर दोनों सड़कों पर जाम लगा दिया गया। करीब एक घंटे तक यहां लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश कर रास्ता खुलवाया। गौरतलब है कि पोकरण से बीकानेर रूट पर चलने वाली दो निजी बसों के संचालकों के बीच रूट के समय को लेकर विवाद चल रहा है। गत 20 दिनों से चल रहा विवाद थमने की बजाय बढ़ता जा रहा है। गत दिनोंं दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे की बसों को रुकवाने का प्रयास किया गया। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की। दो-तीन दिनों तक लगातार यह दौर चला। इसके बाद बस संचालकों की आपसी बैठक हुई तथा आपसी समझाइश से मामला शांत किया गया। गत कुछ दिनों से मौके पर शांति बनी हुई थी।
आगे बस लगाने का आरोप, एक घंटे तक लगा जाम
रूट विवाद की कुछ दिनों की शांति के बाद गुरुवार को एक पक्ष ने आरोप लगाते हुए बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से आपसी राजीनामे की बात को नकारते हुए उनकी बस के आगे बस लगा दी गई। जिस पर उन्होंने अपनी बस को खड़ा कर दिया। सुबह करीब साढ़े 11 बजे दूसरे पक्ष की बस जब स्टैंड पर लगी, तो बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए तथा उस बस को रुकवा दिया और रवाना नहीं होने दिया। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई। एक पक्ष ने बोलेरो कैम्पर सड़क के बीच खड़ी कर दी, तो दूसरे पक्ष की ओर से एक एसयूवी को दूसरी रोड पर खड़ा कर दिया गया। जिससे दोनों तरफ सड़कें जाम हो गई तथा वाहनों की लंबी कतारें लग गई। साथ ही माहौल भी तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने की समझाइश
बस को रुकवाने, सड़क पर जाम लगा दिए जाने की सूचना मिलने पर थानाधिकारी महेन्द्रसिंह खींची पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस संचालकों से बातचीत की। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मुख्य सड़कों पर खड़ी बोलेरो कैम्पर व एसयूवी को सड़क से दूर किया तथा थाने लेकर चले गए। पुलिस ने यहां उपस्थित रहकर बस को रवाना किया तथा भीड़ को सड़क से दूर कर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया। थानाधिकारी खींची ने गुरुवार को दिनभर यहां पुलिस व आरएसी के जवान तैनात किए, ताकि कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रह सके।
यात्रियों को हो रही परेशानी
निजी बस संचालकों की आपसी खींचतान व विवाद से यात्रियों को परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि गत 20 दिनों से निजी बस संचालकों के बीच विवाद चल रहा है। पूर्व में दो दिनोंं तक बसों को रुकवाने के दौर के बाद आपसी राजीनामा हुआ, लेकिन गुरुवार को फिर विवाद उत्पन्न हो गया। गुरुवार को विवाद के कारण बस करीब एक घंटे बाद रवाना हो पाई। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी हुई।

Published on:
29 Oct 2021 08:03 pm
Also Read
View All