- स्वयंसेवकों को बांटी गई है जिम्मेवारियां
पोकरण. उत्तरप्रदेश के अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर को लेकर देशभर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से धनसंग्रहण किया जाएगा। जिसको लेकर जिले में भी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और स्वयंसेवकों को जिम्मेवारियां सुपुर्द की गई है। इसी को लेकर बुधवार को कस्बे में स्थित संघ कार्यालय में जनजागरण पत्रक का विमोचन किया गया। संघ के चिरंजीलाल सोनी, जिला सहकार्यवाह व धनसंग्रहण अभियान के जिला संयोजक सवाईदान, जिला सहकार्यवाह व जनजागरण अभियान के जिला सहसंयोजक हनुमानसिंह, जिला प्रचारक गिरधारी के आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में पत्रक का विमोचन किया गया। इस मौके पर जिला सहकार्यवाह हनुमानसिंह ने बताया कि मर्यादा पुरुषोतम भगवान श्रीराम के मंदिर का वर्षों से इंतजार हो रहा था। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जिसके लिए संघ की ओर से धनसंग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती जिले के स्थित 537 गांवों तक स्वयंसेवक पहुंचकर धनसंग्रह करेंगे। उन्होंने बताया कि इन गांवों को आठ खंड व दो नगरों में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि धनसंग्रहण को लेकर 425 टोलियां गठित की गई है और दो हजार स्वयंसेवकों को जिम्मेवारी दी गई है। मंडल स्तर पर पालक, संयोजक व सहसंयोजक मनोनीत किए गए है। इसके अलावा गांवों में ग्राम समितियां भी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि पोकरण क्षेत्र में तीन खंड बनाए गए है, जिनमें मंडल टोलियों का गठन कर दिया गया है। इसी प्रकार पोकरण कस्बे को छह मंडलों में बांटा गया है तथा 47 टीमें बनाई गई है। उन्होंने बताया कि धनसंग्रहण का कार्य छह चरणों में पूर्ण होगा। उन्होंने प्रत्येक चरण की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जिला सहकार्यवाह सवाईदान ने बताया कि जिले में श्रीराम मंदिर जनजागरण समिति की ओर से निधि संग्रह किया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति की ओर से दी गई राशि को अयोध्या तक पहुंचाने के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। इसी प्रकार ऑनलाइन राशि जमा करवाने के तरीके के बारे में भी बताया। जिला प्रचारक गिरधारी ने बताया कि जिले में राम मंदिर को लेकर देशभर में यह ऐतिहासिक अभियान संचालित होगा। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवक देश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करेंगे और उत्साह के साथ इस अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने इस कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए आमजन से सहयोग करने का आह्वान किया।