जैसलमेर

JAISALMER NEWS- युवक के साथ मारपीट के बाद भीड़ ने पुलिस की गाड़ी के आगे ऐसे निकाला गुस्सा कि…

युवक से मारपीट, क्षेत्रवासियों ने जताया रोष  
2 min read
Jaisalmer patrika
Patrika news

जैसलमेर. सरहदी जिले के पोकरण उपखण्ड़ क्षेत्र में युवक के साथ तीन चार युवकों की ओर से की गई मारपीट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के समक्ष लोगों ने गुस्सा जताया और पुलिस के वाहन का घेराव कर मारपीट करने के आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की। भीड़ ने आरोप लगाया कि उक्त युवक आए दिन राह चलते लोगों के साथ मारपीट कर यहां की शांति व्यवस्था को भंग कर रहे है। उन्होंने ऐसे अपराधिक कृत्य करने वाले युवकों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की।
पोकरण कस्बे के गांधी चौक में मंगलवार की शाम कुछ युवकों की ओर से एक युवक के साथ सरे रात लाठियों से मारपीट करने की घटना पर क्षेत्र के बाशिंदों में रोष है।

IMAGE CREDIT: patrika

उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने व कस्बे में शांति व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व कस्बे के सुभाष चौक के पास दो गुटों में हुए आपसी संघर्ष में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए थे। जिनमें से दो घायलों को जोधपुर रैफर किया गया। जिस पर पुलिस की ओर से किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कोई भी कार्रवाई नहीं की गई, न ही किसी को गिरफ्तार किया गया। मंगलवार शाम एक युवक गांधी चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान तीन-चार युवकों ने युवक पर हमला बोल दिया। जिससे गांधी चौक में अफरा तफरी मच गई। यहां खड़े लोगों ने बीच बचाव कर उन्हें छुड़ाया। इन्हीं युवकों ने कुछ देर बाद सुभाष चौक के पास पुन: झगड़ा किया। गांधी चौक में झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस उपनिरीक्षक पदमाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। तब तक युवक झगड़ा कर यहां से भाग चुके थे। गांधी चौक में भीड़ हो गई तथा यहां उपस्थित लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। उन्होंने आए दिन कस्बे में कुछ युवकों की ओर से गांधी चौक, सुभाष चौक, स्टेशन रोड पर झगड़ा व मारपीट कर भय, दहशत एवं कस्बे में अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई कि गत दो दिनों से लगातार झगड़े की वारदातों के बावजूद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Published on:
10 Jan 2018 09:01 pm