पोकरण और आसपास के गांवों में पिछले दो दिनों से तेज धमाके की आवाजें सुनाई दे रही हैं। सोमवार को दोपहर में और मंगलवार को करीब ढाई-साढ़े तीन बजे आसमान में धुआं देखा गया।
जैसलमेर। पोकरण और आसपास के गांवों में पिछले दो दिनों से तेज धमाके की आवाजें सुनाई दे रही हैं। सोमवार को दोपहर में और मंगलवार को करीब ढाई-साढ़े तीन बजे आसमान में धुआं देखा गया। लाठी, लोहटा, रतन की बस्सी, धोलिया, चांदनी, डेलासर और धनिया नाडा सहित 25-30 किलोमीटर क्षेत्र के लोग सहम गए।
किसी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन भय का माहौल बना। लाठी पुलिस ने जांच के बाद बताया कि एयरफोर्स के सामान्य अभ्यास के दौरान सुपर-सोनिक विमान के उड़ान और सुपरसोनिक बूम की वजह से आवाज आई। क्षेत्रवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है। पोकरण कस्बे के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गत दो दिनों से धमाके की आवाजें सुनाई दे रही है। जिसके चलते ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र के सांकड़ा, राजमथाई, बांधेवा और निकटवर्ती बाड़मेर जिले के उण्डू सहित कई गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को दोपहर में एक तेज धमाके की आवाज आई थी।
इसी प्रकार मंगलवार को दोपहर करीब ढाई बजे बाद कस्बे के साथ सांकड़ा क्षेत्र में धमाके की आवाज के बाद आसमान में धुआं आगे बढ़ता नजर आया। तेज धमाके की आवाज से लोग सहम गए। हालांकि धमाके की आवाजों से कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन तेज आवाज से भय का माहौल है। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी सुपर सोनिक विमान की आवाज हो सकती है। उसी विमान का धुआं आसमान में नजर आ रहा है।
लाठी क्षेत्र में मंगलवार को तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लाठी गांव सहित लोहटा, रतन की बस्सी, धोलिया, चांदनी, डेलासर, धनिया नाडा और 25-30 किलोमीटर परिधि में स्थित गांवों में मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 3 बजे धमाका सुनाई दिया। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तेज धमाके से घरों के दरवाजे व खिड़कियां भी थर्रा उठे।
हालांकि कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन धमाके को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। धमाके के साथ आसमान में धुंआ भी नजर आया। इस संबंध में लाठी पुलिस ने सैन्य अधिकारियों से बातचीत की। इसमें जानकारी मिली कि एयरफोर्स के सामान्य अभ्यास के दौरान विमान के तेज गति से निकलने और सुपरसोनिक बूम के कारण तेज धमाके की आवाज सुनी गई है। थानाधिकारी नाथूसिंह चारण ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को घबराने की जरुरत नहीं है।