जैसलमेर

छह वर्ष बाद थमेगा इंतजार… 57 करोड़ की लागत से नगर प्रवेश सडक़ों का बदलेगा स्वरूप

देश-विदेश से वर्ष पर्यन्त जैसलमेर आने वाले लाखों सैलानियों को स्वर्णनगरी में प्रवेश करने पर महानगरीय स्तर के विकास से रू-ब-रू करवाने का सपना अब साकार हो सकेगा। करीब छह वर्ष पहले शहर में जोधपुर व बाड़मेर से प्रवेश के दो प्रमुख मार्गों की तस्वीर बदलने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन कई कारणों से यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी।

2 min read
Feb 15, 2026

देश-विदेश से वर्ष पर्यन्त जैसलमेर आने वाले लाखों सैलानियों को स्वर्णनगरी में प्रवेश करने पर महानगरीय स्तर के विकास से रू-ब-रू करवाने का सपना अब साकार हो सकेगा। करीब छह वर्ष पहले शहर में जोधपुर व बाड़मेर से प्रवेश के दो प्रमुख मार्गों की तस्वीर बदलने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन कई कारणों से यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी।

गत वर्ष राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा में इस अहम कार्य के लिए 60 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की थी। नगरपरिषद के स्वामित्व वाली इन सडक़ों का हस्तांतरण होने के बाद यह कार्य नगर विकास न्यास (यूआइटी) की तरफ से करवाया जा रहा है। इसके लिए न्यास ने गत वर्ष टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद ठेकेदारों को करीब 57 करोड़ रुपए का कार्यादेश जारी किया। पहले चरण में इन सडक़ों के चौड़ीकरण और भराई के साथ पानी की पाइपलाइनों के साथ जरूरत अनुसार बिजली की लाइनों को भूमिगत करवाया जाएगा। कार्य को चालू वर्ष के सितम्बर माह तक पूरा करवाया जाना है।

करीब 3.7 किमी की है दोनों सडक़ें

जोधपुर मार्ग स्थित होटल कॉम्पलेक्स से अम्बेडकर पार्क तक करीब 2 किमी और शहीद जयसिंह भाटी चौराहा से अम्बेडकर पार्क तक 1.7 किमी के दो मार्गों को इस योजना के तहत चमकाया जाना है। कार्य के अंतर्गत दोनों सडक़ें 20-20 मीटर चौड़ाई वाली होंगी। जिन पर 6 लाइन यातायात का संचालन हो सकेगा। इसके अलावा उस पर डिवाइडर निर्माण, पौधरोपण सहित अन्य कार्य करवाकर दोनों सडक़ों को किसी विकसित राष्ट्रीय राजमार्ग की शक्ल प्रदान की जाएगी।

शहर की छवि होगी उज्ज्वल

  • इन दोनों सडक़ मार्गों से ही प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में देशी और विदेशी सैलानी जैसलमेर भ्रमण पर पहुंचते हैं। नगर में प्रविष्ट करवाने वाली सडक़ों के विकास व उन्हें सुविधाजनक बनाए जाने से सैलानियों को न केवल शहर के विकास की झलक नजर आएगी, बल्कि एक विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में जैसलमेर की पहचान और पुख्ता हो सकेगी।
  • दोनों सडक़ों के बड़े पैमाने पर विकास और विस्तारीकरण की योजना सबसे पहले साल 2019-20 में नगर विकास न्यास ने बनाई थी।
  • तब शहीद जयसिंह भाटी सर्किल से अंबेडकर पार्क तक बाड़मेर रोड के सडक़ विस्तारीकरण एवं विकास कार्य के लिए 8.15 करोड़ रुपए और रेलवे स्टेशन से बाड़मेर लिंक रोड तक जोधपुर रोड के सडक़ विस्तारीकरण व विकास कार्य के लिए 6.18 करोड़ की तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव नगरीय विकास विभाग को भिजवाए जाने की अनुशंसा की गई थी।
  • डिस्कॉम और जलदाय विभाग से सडक़ों के विस्तारीकरण के लिए बिजली व पानी की लाइनों की स्थितियों का सर्वे करवाया गया था। दोनों विभागों ने लाइनों के परिवर्तन में ही करीब 15 करोड़ रुपए का खर्च बताया था।
  • योजना में बनने वाली सडक़ों पर महानगरों की तर्ज पर पौधरोपण कर ग्रीन बैल्ट बनाया जाना है। ऐसे ही पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ तैयार करवाया जाना शामिल है।
  • सडक़ों पर सघन वृक्षारोपण से छाया का इंतजाम भी हो सकेगा। कार्य को अंजाम देने के लिए पहले सडक़ मार्गों को चौड़ा करने के साथ आसपास के कब्जों व अतिक्रमणों को हटवाया जाना है।

फैक्ट फाइल -

  • 20-20 मीटर चौड़ाई वाली होंगी दोनों सडक़ें
  • 3.7 किलोमीटर लम्बाई में होंगी सडक़ें
  • 2019-20 में पहली बार योजना बनी
  • 15 से ज्यादा पर्यटक आते हैं जैसलमेर

तय समय से पहले काम करवाने का प्रयास

जैसलमेर में प्रवेश करने वाली सडक़ों के विस्तारीकरण का कार्य शुरू करवा दिया गया है। पहले चरण में पाइपलाइन शिफ्टिंग चल रही है। समय से पहले पूर्ण गुणवत्ता के साथ इस कार्य को पूरा करवाने का हमारा प्रयास है।

  • सुखाराम पिण्डेल, सचिव, नगर विकास न्यास, जैसलमेर
Published on:
15 Feb 2026 08:05 pm
Also Read
View All

अगली खबर