जैसलमेर

Jaisalmer- पर्यटकों को लुभाने के लिए पोकरण की कैलाश टेकरी पर होंगे यह प्रयास

‘पर्यटकों को रिझाने के लिए कैलाश टेकरी पर बने उद्यान’ -पोकरण नगरपालिका मंडल की बैठक में विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2017, 11:10 PM IST
Jaisalmer patrika
patrika news

पोकरण. नगरपालिका मंडल की बैठक मंगलवार को पालिका सभागार में नगरपालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया की अध्यक्षता व विधायक शैतानसिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई। बैठक में कस्बे के विकास को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिशासी अधिकारी जोधाराम विश्रोई ने गत बैठक की कार्रवाई पार्षदों को सुपुर्द की। जिस पर चर्चा के बाद बैठक की कार्रवाई शुरू की गई।उन्होंने विचारणीय बिंदुओं पर प्रकाश डाला। जिस पर पार्षदों की ओर से चर्चा की गई।बैठक में राजकीय बालिका महाविद्यालय पोकरण के लिए जमीन उपलब्ध करवाने, जोधपुर विद्युत वितरण निगम पोकरण को जीएसएस निर्माण के लिए जमीन दिलाने, अपर जिला एवं सेशन न्यायालय पोकरण व राजकीय आयुर्वेद औषधालय के लिए भूमि आवंटन करने तथा पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज व मेघवाल समाज के छात्रावास के लिए भूमि आवंटन पर चर्चा कर कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में खाली पड़ी नगरपालिका की भूमि पर स्थान का चयन किया गया एवं नियमानुसार भूमि आवंटन का प्रस्ताव पारित किया गया।

IMAGE CREDIT: patrika

फिर गूंजा भूखण्ड आवंटन का मुद्दा
बैठक के शुरुआत में ही पांच वर्ष पूर्व विभिन्न कॉलोनियों में भूखण्ड आवंटन के लिए भरे गए आवेदनों पत्रों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठा। पार्षदों ने इस बात पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोगों से करोड़ों रुपए धरोहर राशि के रूप में वसूल किए गए। जबकि उन्हें भूखण्डों का आवंटन नहीं किया जा रहा है। जिससे पालिका की छवि खराब हो रही है। अधिशासी अधिकारी विश्रोई ने सदन में भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही एक कमेटी गठित की जाएगी तथा तिथि निर्धारित कर आम लोगों के सामने लौटरी निकालकर भूखण्डों का आवंटन किया जाएगा।

IMAGE CREDIT: patrika

विकास कार्यों पर की गई चर्चा
अधिशासी अधिकारी विश्रोई ने कस्बे के विभिन्न वार्डों में निर्माण करवाए जाने वाले डामर सडक़ों, सीसी व इंटरलोकिंग रोडों, नाले नालियों के निर्माण, विद्युत पोल लगाने, सीवरेज लाइनें लगाने, सार्वजनिक शौचालयों व जनसुविधाओं को लेकर वार्डवार सूची प्रस्तुत की। बैठक में वरिष्ठ पार्षद जुगलकिशोर व्यास ने गत दिनों राज्य सरकार से विकास कार्यों के लिए आवंटित की गई करीब साढे तीन करोड़ रुपए की राशि से मात्र सवा दो करोड़ रुपए की राशि बड़े नालों व उनकी मरम्मत पर खर्च करने पर आपत्ति जताते हुए अधिकतम राशि कस्बे के मुख्य मार्गों व वार्डों में सडक़ों के निर्माण पर खर्च करने की बात कही। उन्होंने कस्बे के मुख्य ऐतिहासिक स्थल कैलाश टैकरी पर उद्यान विकसित करने व यहां सनसैट पोइंट निर्माण करने की मांग की, ताकि पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। पार्षद विजय व्यास ने सालमसागर तालाब की पाल व यहां आसपास क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण व लोगों के घूमने के लिए एक बड़ा उद्यान विकसित करने, सालमसागर तालाब, जोधपुर-जैसलमेर रोड, जयनारायण व्यास सर्किल, फलसूण्ड तिराहे से खींवज माता मंदिर तक सडक़ के दोनों तरफ फुटपाथ बनाने, सडक़ के बीचोंबीच नए डिवाइडर बनाकर यहां आकर्षक सोडियम लाइटें लगाने व कस्बे का सौंदर्यकरण करने की मांग की। उन्होंने नगरपालिका की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बिखरे पड़े भूखण्डों को निलाम करने, विभिन्न वार्डों में आबादी क्षेत्र में आई हुई कृषि भूमि का भू-रूपांतरण कर नगरपालिका की आय बढाने का प्रस्ताव रखा। पार्षद नारायण रंगा ने कस्बे के विभिन्न वार्डों में सडक़ों, नालियों व सीवरेज लाइनों के निर्माण व बाबा साहब डॉ.अंबेडकर की अष्टधातु की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की।पार्षद लालसिंह पंवार ने विकास के मुद्दों पर चर्चा करते हुए गांधी चौक से गंगा पैलेस तक सीवरेज लाइन लगाने, खुले नाले नालियों में छोड़े गए शौचालयों के पाइपों को बंद करने, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार पर जमा गंदगी की सफाई करने, यहां आसपास क्षेत्र में शौचालय निर्माण करवाने, आवारा पशुओं व सुअरों को पकडकऱ कस्बे से बाहर करने, सभी वार्डों में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सार्वजनिक शौचालय निर्माण करवाने, राजकीय महाविद्यालय के पास स्थित खेल मैदान में वॉलीबॉल, कबड्डी, बॉस्केट बॉल, फुटबॉल आदि के मैदान तैयार करने की मांग रखी। पार्षद रामचंद्र कल्ला ने करोड़ों रुपए के प्रस्तावित निर्माण कार्यों के निर्माण के दौरान गुणवत्ता पर पूरा ध्यान देकर गुणवत्ता व मजबूती के साथ निर्माण कार्य करवाने की बात कही। इसके अलावा पार्षद खेताराम माली, अरशदअली, लाखाराम, विरेन्द्र गवारिया, रतनाराम, प्रेमलता शर्मा, प्रेम गहलोत, शोभा खींची सहित पार्षदों ने वार्डों में विकास कार्यों को लेकर अपने प्रस्ताव रखे।

Published on: