
जैसलमेर. जिला कलेक्ट्रेट परिसर में नाम वापसी के अंतिम दिन नजर आई रौनक।
जैसलमेर @ पत्रिका. जिले की 10 पंचायत समितियों के कुल 150 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। शुक्रवार को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों में नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके बाद अब कुल 390 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष रहे हैं। प्रत्येक पंचायत समिति में 15-15 वार्ड निर्धारित हैं। नाम वापसी के पश्चात, पंचायत समिति भणियाणा में 40 प्रत्याशी, नाचना समिति में 37, राजमथाई में 37, रामदेवरा समिति में 40, सांकड़ा समिति में 38, फतेहगढ़ समिति में 42, जैसलमेर समिति में 42, खुहड़ी समिति में 36, मोहनगढ़ समिति में 35 और रामगढ़ समिति में 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सभी समितियों के 150 वार्डों में अब मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे।
जैसलमेर. पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्यों के चुनाव को लेकर गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। जिले की जिला परिषद की 21 सीटों पर अब 77 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नामांकन वापसी के अंतिम चरण में 36 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की अंतिम संख्या सामने आई है। आंकड़ों के अनुसार 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चली नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 162 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें 138 प्रत्याशियों के नामांकन शामिल थे। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 38 नामांकन निरस्त किए गए, जबकि 11 नामांकन पत्र वापस लिए गए। जांच के बाद 113 नामांकन वैध पाए गए। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया में 36 प्रत्याशियों के मैदान छोडऩे से अंतिम रूप से 77 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में रह गए। जिला परिषद की 21 सीटों पर प्रत्याशियों की संख्या के लिहाज से मुकाबले की स्थिति भी अलग-अलग है। कुल 17 सीटों पर 5 से कम प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 4 सीटों पर 5 से 9 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। किसी भी सीट पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति नहीं बनी है। ऐसे में सभी 21 सीटों पर चुनाव होना तय है। नामांकन वापसी के बाद अब चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है।
गौरतलब है कि जैसलमेर जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया हुआ है। जबकि सभी 21 वार्डों में से केवल वार्ड संख्या 9 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। ऐसे में इस वार्ड में सबसे ज्यादा 9 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से दिग्गज राजनीतिक परिवारों के प्रत्याशी मैदान में उतारे गए हैं। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव की पुत्री पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने वार्ड संख्या 5 और उनके भाई व पूर्व जिला परिषद सदस्य हरीश धनदेव ने वार्ड 1 से चुनाव मैदान में ताल ठोंकी है। वहीं पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद के भाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने वार्ड 3 एवं एक अन्य भाई अमीन खां ने वार्ड 14 से नामांकन पत्र दाखिल किया है।
फतेहगढ़ . पंचायत समिति चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन और नाम वापसी के बाद 15 वार्डों में कुल 43 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। वार्ड संख्या 10 में भाजपा की शांति देवी, कांग्रेस की मगु कुमारी, रालोपा की कमला देवी तथा निर्दलीय कमला, दुर्गा और मियण चुनाव मैदान में हैं। वार्ड 1 में भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी हैं। वार्ड 8 व 12 में रालोपा की मौजूदगी से मुकाबला रोचक है। वहीं, वार्ड 7 और 13 में भाजपा का प्रत्याशी नहीं है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
6 Nov 2026, 9:02 PM IST
Published on:
6 Nov 2026, 9:02 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़




