जैसलमेर

jaisalmer: तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, सड़क हादसे ने छीनी खुशियां

परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ उठाने वाले 35 वर्षीय मजदूर की जिंदगी एक सड़क हादसे ने छीन ली। भादरिया मार्ग पर बीएसएफ की कैंपर की चपेट में आने से धोलिया निवासी नरेंद्र विश्नोई की मौत हो गई। पीछे छूट गई पत्नी और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के साथ परिवार का सहारा भी छिन गया।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 9:01 PM IST
jaisalmer news
हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।

लाठी (जैसलमेर). परिवार की खुशियों और तीन मासूम बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले एक मजदूर की जिंदगी गुरुवार शाम सड़क हादसे में थम गई। धोलिया निवासी 35 वर्षीय नरेंद्र विश्नोई की भादरिया सड़क मार्ग पर बीएसएफ की कैंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। जिस पिता के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी थी, उसकी अचानक हुई मौत ने पत्नी और तीन बच्चों की दुनिया उजाड़ दी। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।

मजदूरी कर परिवार पालने वाले 35 वर्षीय नरेंद्र विश्नोई की दर्दनाक हादसे में मौत

धोलिया निवासी नरेंद्र (35) पुत्र धन्नाराम विश्नोई गुरुवार शाम भादरिया सड़क मार्ग स्थित ग्राम पंचायत भवन से निकलकर अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही बीएसएफ की कैंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पोकरण के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर लाठी थाने के सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की। मृतक का शव पोकरण राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। गौरतलब है कि नरेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय बेटी और 9 व 7 वर्ष के दो बेटे हैं। बच्चों की पढ़ाई, परवरिश और बेहतर भविष्य के सपने संजोकर वह मेहनत-मजदूरी करता था। उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आजीविका और बच्चों के भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। एक मेहनतकश पिता की मौत ने तीन मासूमों से पिता का साया छीन लिया। इस हृदयविदारक घटना से धोलिया गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक छा गया।


ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत

जैसलमेर. जिला मुख्यालय के पास दरबारी फांटा पर गुरुवार को ट्रक और बाइक की भिडंत में बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार इस हादसे में पश्चिम बंगाल के हुगली जिला निवासी सायन कुमार की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जवाहिर चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में पहुंचाया। ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू की गई है।

Updated on:
19 Nov 2026, 9:01 PM IST
Published on: