
जैसलमेर. स्वर्णनगरी की विश्वविख्यात पटवा हवेलियों को निहारने के लिए इन दिनों देशी-विदेशी सैलानियों की भारी आवक हो रही है। पर्यटन सीजन में हवेलियों की खूबसूरती देखने और यहां की ऐतिहासिक स्थापत्य कला को कैमरे में कैद करने पहुंच रहे पर्यटकों के बीच एक दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। पटवा हवेलियों के आसपास की संकरी गलियां बेशुमार तिपहिया टैक्सियों की आवाजाही से दिनभर जाम की गिरफ्त में रहती हैं। पर्यटकों को लाने-ले जाने वाली इन टैक्सियों की अनियंत्रित आवाजाही ने इस ऐतिहासिक क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। हालात यह हैं कि कई बार गलियों में एक साथ दो टैक्सियां आमने-सामने आ जाने से रास्ता अवरुद्ध हो जाता है और वाहनों की कतार लग जाती है।
पटवा हवेलियों के आसपास का क्षेत्र अपनी संकरी गलियों, पारंपरिक स्थापत्य और ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है। यहां पैदल घूमना और हवेलियों की बारीक नक्काशी को करीब से देखना पर्यटकों के आकर्षण का हिस्सा है, लेकिन तिपहिया टैक्सियों की लगातार आवाजाही इस अनुभव को प्रभावित कर रही है। जैन भवन के आगे से लेकर केला पाड़ा, कुम्हार पाड़ा, शारदा पाड़ा, आचार्य पाड़ा आदि गलियों में टैक्सियों के आने-जाने और रुकने से पैदल चलने वालों के लिए भी जगह कम पड़ जाती है। कई बार पर्यटकों को वाहनों के बीच से रास्ता बनाकर निकलना पड़ता है। पर्यटन सीजन के दौरान पटवा हवेलियों के आसपास तिपहिया टैक्सियों की आवाजाही सबसे अधिक बनी रहती है। पर्यटकों को लाने और छोडऩे के लिए इनका लगातार आना-जाना लगा रहता है। संकरी गलियों में वाहनों की संख्या बढऩे से यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। कई बार एक टैक्सी के आगे निकलने की कोशिश में दूसरी टैक्सी फंस जाती है।
पटवा हवेलियों के आसपास केवल यातायात जाम ही समस्या नहीं है, बल्कि टैक्सियों के लगातार हॉर्न और शोर-शराबे से स्थानीय बाशिंदे भी परेशान हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही के कारण इस ऐतिहासिक क्षेत्र का शांत वातावरण प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही भी इससे बाधित होती है। पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में पैदल पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और वाहनों के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत महसूस की जा रही है। ऐसे ही घरों के बाहर गलियों में खेलने वाले मासूम बच्चों को भी बढ़े हुए यातायात से खतरा बन गया है।
पटवा हवेलियों से लेकर सोनार दुर्ग और गड़ीसर सरोवर के आसपास भी तिपहिया टैक्सियों की बढ़ती आवाजाही से यातायात प्रभावित हो रहा है। शहर के ढिब्बा पाड़ा का चौक पूरी तरह से टैक्सियों से भरा रहता है। सैलानियों सहित स्थानीय लोगो को आवाजाही में खासी तकलीफ उठानी पड़ रही है।
- आदित्य कुमार, जैसलमेर
किला पार्किंग जहां अब नया टैक्सी स्टैंड बनाया गया है, उसके आसपास के हालात तो और विकट हैं। पर्यटन सीजन में बढ़ते दबाव को देखते हुए यहां तिपहिया टैक्सियों के लिए निर्धारित ठहराव स्थल, व्यवस्थित पार्किंग और आवाजाही के नियमन की आवश्यकता है, ताकि परेशानी से राहत मिल सके।
- पंकज सिंह, जैसलमेर