
पोकरण. कस्बे में जोधपुर रोड पर स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर पर रविवार शाम दो गुटों में हुई आपसी भिड़ंत के साथ वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। जिससे मौके पर भीड़ लग गई। रविवार शाम एक एसयूवी लेकर कुछ युवक जोधपुर रोड पर स्थित एक दुकान पर धुलवाने के लिए गए। इस दौरान दुकान संचालक व यहां खड़े कुछ लोगों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। कुछ देर में झगड़ा बढ़ गया और दोनों गुटों के लोग आपस में मारपीट करने लगे।
इस दौरान दो एसयूवी को आपस में टकराकर तोड़फोड़ की गई। साथ ही दुकान पर खड़ी स्कूटी, मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की गई। दोनों एसयूवी के फिल्मी तरीके से घुमाने, टायर बजाने और आपस में हुई मारपीट से मौके पर अफरा तफरी मच गई। आसपड़ोस से एकत्रित हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान एक एसयूवी में सवार युवा मौके से भाग गए। थानाधिकारी मनीष सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस ने मौके पर उपस्थित एक गुट से घटना की जानकारी ली और दूसरे गुट की तलाश में टीमें रवाना की।
लाठी। जैसलमेर-रामदेवरा मार्ग पर खैतो़लाई के पास गत दिनों हुए सड़क हादसे के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दी रिपोर्ट के अनुसार राजसमंद जिले के पसुंद निवासी चैनाराम भील का पुत्र पोखरलाल (32) और उसका सालाजी भैरूलाल (29) मोटरसाइकिल से राजसमंद से बाबा रामदेव के दर्शन के लिए जैसलमेर की ओर जा रहे थे। गत 31 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे जैसलमेर-रामदेवरा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-11 स्थित वाटर प्वाइंट के पास एक कार चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में पोखरलाल के पैर में गंभीर चोट आने से फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। वहीं भैरूलाल के पैर में भी फ्रैक्चर बताया गया है। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के संबंध में चैनाराम भील ने लाठी थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।