
जैसलमेर जिले में दो अलग-अलग सडक़ हादसों में 2 जनों की मौत हो गई, जबकि कुल 7 जने घायल हुए हैं। झिनझिनियाली थाना क्षेत्र के लखा गांव के पास बोलेरो पिकअप पलट गई। इस हादसे में उस पर सवार एक श्रमिक की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी व्यवस्थाएं की। जानकारी के अनुसार वाहन रणधा से लखा गांव की ओर जा रहा था, इस दौरान उसका एक्सल टूट जाने से वाहन बेकाबू होकर पलट गया। उसमें सवार श्रमिक घायल हो गए। घायलों को निजी वाहन से शिव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल उर्फ भुपेंद्र पुत्र राम बाबू, निवासी चदोखा तहसील कोल, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वह रणधा में एक कंपनी में कार्यरत था। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह से अन्य हादसे में बीती रात जिला मुख्यालय के समीप किशनघाट क्षेत्र में मोटरसाइकिल की गाय से टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर सवार दो जने उछल कर गिरे। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक जने को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का उपचार किया जा रहा है। बताया जाता है कि बाइक सवार किशनघाट से भील बस्ती की तरफ जा रहे थे। अचानक सडक़ पर गाय सामने आ गई, जिससे बाइक टकरा गई।
पोकरण. राज्य राजमार्ग संख्या 40 पोकरण-फलसूंड मार्ग पर कई जगह दोनों तरफ उगी बबूल की घनी झाडिय़ां राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सड़क किनारे उगी झाडिय़ां कई जगह फैलकर सड़क तक पहुंच गई हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। मार्ग पर झाडिय़ों के कारण सामने से आने वाले वाहन भी कई जगह दिखाई नहीं देते, ऐसे में दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से झाडिय़ों की कटाई व सफाई को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पोकरण से फलसूंड जाने वाले राज्य राजमार्ग के दोनों तरफ लंबे समय से बबूल की झाडिय़ां उगी हुई हैं। सड़क किनारे बढ़ती झाडिय़ां कई जगह सड़क मार्ग तक फैल गई हैं। इससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर दो वाहन आमने-सामने आने पर झाडिय़ों के कारण वाहन दिखाई नहीं दे पाते है।
सड़क किनारे घनी झाडिय़ां होने से उनमें छिपे पशु अचानक सड़क पर आ सकते हैं। ऐसे में तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के लिए उन्हें संभालना मुश्किल हो सकता है और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर झाडिय़ों की नियमित कटाई और सफाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाकर झाडिय़ां हटाने की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।