जैसलमेर

दो हादसों में दो युवक व एक गाय हुई घायल

- एक एसयूवी हुई क्षतिग्रस्त

2 min read
Aug 30, 2021
दो हादसों में दो युवक व एक गाय हुई घायल


लाठी. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों से आए दिन हादसे हो रहे है। सोमवार को भी दो अलग-अलग हादसों में दो युवक व एक गाय घायल हो गई। जबकि एक एसयूवी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही ऐसे हादसों से मवेशी भी काल के ग्रास व घायल हो रहे है। सोमवार को क्षेत्र के खेतोलाई गांव के पास एक एसयूवी की गाय से भिड़ंत हो गई। जिससे गाय घायल हो गई और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ पर्यटक एक एसयूवी से जैसलमेर से पोकरण की तरफ जा रहे थे। इस दौरान खेतोलाई गांव के पास सड़क पार कर रही एक गाय से उनकी भिड़ंत हो गई। जिससे गाय का पेट फट गया तथा वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर कामधेनु सेना के खेतोलाई प्रभारी नींबाराम विश्रोई, अखिल भारतीय विश्रोई सभा के जिलाध्यक्ष राधेश्याम विश्रोई, भादरिया गोशाला से घनश्याम पालीवाल मौके पर पहुंचे और गाय का प्राथमिक उपचार कर भादरिया गोशाला भिजवाया।
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
क्षेत्र के धोलिया गांव के शहीद सुखराम विश्रोई स्मारक के पास सोमवार को एक बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रैफर किया गया। सोमवार को सुबह एक बाइक पर सवार जोधपुर के ननेऊ निवासी यासीनखां (29) पुत्र निहालदीन व लाठी निवासी महबूबखां (25) पुत्र अलाऊखां गांव से पोकरण की तरफ जा रहे थे। इस दौरान धोलिया गांव में शहीद स्मारक के पास पीछे से आ रही एक बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक गाड़ी को भगाकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर गांव के रामप्रकाश, कैलाश मांजू सहित ग्रामीणों ने तत्काल निजी वाहन से घायलों को लाठी अस्पताल पहुंचाया। यहां घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैफर किया गया। सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाइक जब्त कर फरार वाहन की तलाश शुरू की।

Published on:
30 Aug 2021 08:35 pm
Also Read
View All