जैसलमेर

स्वर्णनगरी में कोरोना का यू टर्न बारिश के मौसम में मंडराए आशंका के बादल

-अनलॉक में हालात बिगडऩे का खतरा

2 min read
Jul 17, 2020
स्वर्णनगरी में कोरोना का यू टर्न बारिश के मौसम में मंडराए आशंका के बादल

जैसलमेर. देश की सीमा पर बसे जैसलमेर में कोरोना के दो नए पॉजिटिव मामलों से आशंका के नए बादल मंडरा गए हैं। सभापति की पत्नी और डिप्टी सीएमएचओ के पॉजिटिव आने से नए मामलों की शृंखला बनने की आशंका अपनी जगह है लेकिन जैसलमेर शहर के बाशिंदों में जिस ढंग की बेफिक्री कोरोना संक्रमण को लेकर नजर आ रही है, वह चिंतित करने वाली है। अनलॉक लागू होने के बाद शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के बाशिंदे लगभग लापरवाही बरतते हुए नजर आते हैं। चेहरों पर न तो पूरी तरह से मास्क नजर आते हैं और सोशल डिस्टेंसिंग की अनलॉक के पहले दिन से धज्जियां उड़ाई जा रही है। ऐसे में संक्रमण फैला तो उसे रोकना प्रशासन से लेकर चिकित्सा महकमे के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन जाएगा। वैसे जिले में अप्रेल से अब तक 120 संक्रमण के मामले ही सामने आए हैं और उनमें भी 113 संक्रमित पूरी तरह से ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
भारी पड़ सकती है लापरवाही
जैसलमेर मुख्यालय पर आमजन में लापरवाही का आलम प्रात:काल से लेकर देर रात्रि तक हर कहीं नजर आता है। अलसुबह मॉर्निंग वॉक करने के लिए शहर के सभी पार्कों व पूनम स्टेडियम सहित मुख्य मार्गों पर में दर्जनों लोग सेहत संवारने के लिए घूमते नजर आते हैं। इनमें से ज्यादातर मास्क का उपयोग नहीं करते और एक दूसरे से पर्याप्त दूरी भी नहीं रख पाते। बाजारों के खुलने के बाद कोरोनाकाल से पहले के समय जैसे ही भीड़भाड़ का नजारा आम है। अब सड़कों पर लॉकडाउन काल के जैसे पुलिसकर्मी भी तैनात नहीं हैं। लिहाजा कोई रोक.टोक नहीं होने से बमुश्किल 20 फीसदी लोग ही मास्क व डिस्टेंस बनाकर चलने के दिशा निर्देशों की पालना करते हैं। शहर के हनुमान चैराहाए पुराने ग्रामीण बस स्टेंड, गड़ीसर चैराहा, गुलासतला, आसनी पथ, गोपा चौक, सदर बाजार, कचहरी मार्ग, गांधी चौक से लेकर बाहरी सड़क मार्गों व आवासीय कॉलोनियों में लापरवाही के नजारे आम बने हुए हैं। शहर में रात्रि 10 बजे के बाद भी सड़कों पर आवाजाही का सिलसिला देखा जा सकता है। गोठों के शौकीन शहरवासी पिछले दिनों से विभिन्न रमणीक स्थलों से लेकर खेतों में बनी हौदियों में नहाने के लोभ को नहीं छोड़ पा रहे हैं और साथ.साथ बैठकर पारम्परिक ढंग से भोजन करने का उनका रुझान जारी है।
चिकित्सा महकमे में भय
इस बीच उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव आने से आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा करने वाले चिकित्सा महकमे से जुड़े लोग भी आशंकित हो गए हैं। जानकारी के अनुसार उक्त चिकित्सा अधिकारी पिछले दिनों से अस्वस्थ थे और उनका सेम्पल पॉजिटिव आने के बाद अन्य कार्मिकों में घबराहट है। कुछ जनों ने गुरुवार को सेम्पल भी करवाए हैं। इसी तरह से सभापति और उनके परिवारजनों सहित अन्य संपर्कितों के सेम्पल गुरुवार को हुए। दोनों ताजा पॉजिटिव व्यक्तियों से जुड़े लोगों की रिपोर्ट का अब इंतजार किया जा रहा है।

Published on:
17 Jul 2020 03:33 pm
Also Read
View All