विशेष ट्रेन से अयोध्या जाएंगे श्रद्धालु
जिला मुख्यालय से 7 किमी दूर स्थित वीर बालाजी सरकार मंदिर में 22 जनवरी को विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जैसलमेर के प्रसिद्ध मंदिर में विशेष आयोजन रखे गए हैं। इसी क्रम में बालाजी मंदिर में 22 जनवरी को फूलों से शृंगार किया जाएगा और दीपमालिका सजाई जाएगी। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर दोपहर 12.20 बजे मंदिर में कार्यक्रम होंगे। आयोजन को लेकर अविनाश व्यास, अनिल थानवी, आजाद पुरोहित, ललित थानवी, गिरधर व्यास, मनीष जोशी, अमित वासु, राकेश पुरोहित व गोकुल कल्ला सहयोग कर रहे हैं।
श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ दर्शन कार्यक्रम के तहत देश के कई शहरों से विशेष आस्था ट्रेन के माध्यम से रामभक्तों को दर्शन कराने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता व रामभक्त 3 फरवरी को अयोध्या जाएंगे। जिसके लिए पंजीयन शुरू किया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा ने बताया कि विशेष ट्रेन से अयोध्या जाने वाले 2000 रुपए शुल्क जमा करा कर अपनी सीट बुक करा सकेंगे। मीडिया प्रभारी बाबूलाल शर्मा ने बताया कि विशेष आस्था ट्रेन जैसलमेर से 3 फरवरी को सायं 4 बजे जैसलमेर से व सायं 5.30 बजे पोकरण से चलेगी।