- धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रही
जैसलमेर। सावन मास के त्रयोदशी के अवसर पर मंगलवार को पुष्करणा दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर पुष्करणा समाज के लोगों की तरफ से शोभायात्रा निकाली गई। जिसका नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा में सजे-धजे ऊंटों पर सवार नन्हें बालक और धार्मिक व सांस्कृ़तिक झांकियों ने हर किसी का मन मोह लिया। पुष्करणा दिवस संयोजक आनन्द जगाणी ने बताया कि प्रात: 8 बजे पुष्करणा समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को श्रद्धासुमन अर्पण कर शोभायात्रा का शुभारंभ दुर्ग स्थित अखे प्रोल से किया गया। शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण झांकियां रही। इसमें महिलाएं बड़ी संख्या में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुई। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों गोपा चौक, सदर बाजार, जिन्दानी चौक, कचहरी रोड, विधायक पाटा, गांधी चौक से होते हुए पुष्करणा भवन पहुंची। जहां ट्रस्ट अध्यक्ष कमलकिशोर ओझा, प्रबंधक ट्रस्टी बृजवल्लभ जगाणी, संरक्षक दिनेश श्रीपत, पूर्व अध्यक्ष कमलकिशोर व्यास, उपाध्यक्ष आनंद पुरोहित सहित, गोवर्धन बिस्सा, सुशील व्यास, भंवरलाल बल्लाणी, कालूराम पुरोहित, जगदीश बिस्सा, कैलाश गोपा, जुगल बोहरा, ब्रजरतन छंगाणी, राजेन्द्र भोपत, मधुसूदन पोलजी, बृजग्वाल आचार्य, कमल आचार्य आदि ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद समाज की कुलदेवी उष्ट्रवाहिनी तथा भगवान शिव का पूजन किया गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष ओझा व प्रबंधक ट्रस्टी जगाणी ने झांकियों में सहयोग देने वाले विद्यालयों के संचालकों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर झांकी के प्रतिभागियों को उपहार भेंट किए गए।