26 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जैसलमेर: दिन-रात वोल्टेज का ड्रामा, विद्युत व्यवधान से आमजन परेशान

भीषण गर्मी के बीच शहर की विद्युतापूर्ति व्यवस्था चरमराई नजर आ रही है। दिन और रात दोनों समय वोल्टेज में लगातार उतार-चढ़ाव तथा बार-बार कटौती से आमजन जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि रात के समय भी बिजली की आंख-मिचौनी जारी रहती है, जिससे लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही है।

2 min read
Google source verification

भीषण गर्मी के बीच शहर की विद्युतापूर्ति व्यवस्था चरमराई नजर आ रही है। दिन और रात दोनों समय वोल्टेज में लगातार उतार-चढ़ाव तथा बार-बार कटौती से आमजन जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि रात के समय भी बिजली की आंख-मिचौनी जारी रहती है, जिससे लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही है।

गर्म हवाओं और ऊंचे तापमान के बीच बिजली संकट ने परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। शहर के अधिकांश इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है। पंखे और कूलर ठीक से नहीं चल पा रहे, जिससे घरों के भीतर उमस और गर्मी असहनीय हो गई है। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों ने रातें छतों या खुले स्थानों पर बितानी शुरू कर दी हैं। व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। बार-बार ट्रिपिंग के कारण दुकानों और छोटे उद्योगों का कामकाज बाधित हो रहा है। ठंडे पेय पदार्थ, आइसक्रीम और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जुड़े व्यापारियों को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। बिजली के अस्थिर रहने से ग्राहक भी दुकानों में कम पहुंच रहे हैं।

यह है हकीकत

- दिन में कई बार अचानक बिजली गुल, निश्चित समय का अभाव

-वोल्टेज गिरने से फ्रिज, कूलर, मोटर जैसे उपकरण प्रभावित

-कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड की स्थिति

- शिकायतों के बावजूद त्वरित समाधान का अभाव

- गर्मी के मौसम में शहर में बिजली की खपत सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ जाती है।

- वर्तमान में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे बिजली पर निर्भरता और बढ़ गई है।

और इधर भीषण गर्मी में दे रहे सेवाएं

स्वर्णनगरी में भीषण गर्मी और विद्युत व्यवधान के बीच विद्युत फॉल्ट को दूर करने के लिए प्रतिकूल मौसम में भी कार्मिक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। रविवार को भी यह नजारा देखने को मिला जब 44-45 डिग्री में दोपहर के समय विद्युत फॉल्ट को दूर करते कार्मिक पसीना बहाते नजर आए। विद्युत संबंधी परेशानियों से बेहाल शहर के बाशिंदे इस दृश्य को देखकर प्रशंसा किए बिना नहीं रह सके।

एक्सपर्ट व्यू : गर्मी में बढ़ा है लोड, चरणबद्ध तरीके से कर रहे प्रयास

डिस्कॉम के सहायक अभियंता विनोद तंवर के अनुसार अप्रेल माह में एकाएक बढ़ी गर्मी में बढ़े लोड के कारण ट्रांसफार्मर और फीडर पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे वोल्टेज गिरता है और ट्रिपिंग होती है। शहर में कई जगह व्यावहारिक दिक्कतें आ रही है। समस्या के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से सुधार कार्य चल रहा है। जल्द ही समस्या का बेहतर समाधान हो, इसके लिए प्रयास जारी है।