
जैसलमेर. गांवों की सरकार चुनने के लिए शनिवार को ग्रामीण अंचल में लोकतंत्र का उत्सव नजर आया। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ कई केंद्रों पर कतारें नजर आईं। युवा पहली बार मतदान करने के उत्साह में दिखे तो बुजुर्गों और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जिले में जिला परिषद के 21 और 10 पंचायत समितियों के 141 वार्डों के लिए शाम छह बजे मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल के अनुसार, जिला परिषद के 21 वार्डों में कुल 4 लाख 43 हजार 65 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 3 लाख 13 हजार 605 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह जिला परिषद के लिए 70.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, जिले की 10 पंचायत समितियों के 141 वार्डों में कुल 4 लाख 20 हजार 763 मतदाताओं में से 3 लाख 1 हजार 273 ने वोट डाले। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पंचायत समितियों में मतदान प्रतिशत 72.09 रहा।
पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत के लिहाज से रामगढ़ सबसे आगे रहा। यहां 79.22 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। भणियाणा में 75.10 और राजमथाई में 74.98 प्रतिशत मतदान हुआ। खुहड़ी में 72.64, मोहनगढ़ में 71.59, रामदेवरा में 71.33, नाचना में 70.58, फतेहगढ़ में 70.19 और जैसलमेर में 70.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, सांकड़ा में सबसे कम 65.22 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान का समय पूरा होते ही गांवों में चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच अपने-अपने वार्डों में मतदान के आंकड़ों को लेकर आकलन होने लगा। गांवों की चौपालों और बाजारों में किस प्रत्याशी को कितना समर्थन मिला, इसे लेकर चर्चाएं होती रहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल और पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी की सराहना करने के साथ राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों, निर्वाचन कार्मिकों और पुलिस बल के सहयोग की भी प्रशंसा की।