जैसलमेर

ट्रेक्टर-टंकियों से पानी मंगवाना मजबूरी,15 दिनों से जलापूर्ति बंद,मुखर होने लगे विरोध के स्वर

-भीषण गर्मी के मौसम में शुरू हुआ पेयजल संकट-वार्ड संख्या १५ के बाशिंदों ने भी जताया रोष
2 min read
Apr 04, 2019
jaisalmer
ट्रेक्टर-टंकियों से पानी मंगवाना मजबूरी,15 दिनों से जलापूर्ति बंद,मुखर होने लगे विरोध के स्वर

जैसलमेर/पोकरण. भीषण गर्मी के साथ क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पानी की खपत बढ़ जाने तथा क्षेत्र में समय पर जलापूर्ति नहीं होने के कारण पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में ग्रामीणों को मुंह मांगे दामोंं पर ट्रैक्टर टंकियों से पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है। उधर, जलदाय विभाग की ओर से अभियान चलाकर पाइपलाइनों पर किए गए अवैध कनेक्शनों को काटने की कवायद की जा रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर आज भी पेयजल समस्या की स्थिति बनी हुई है। कस्बे के वार्ड संख्या 15 में एक पखवाड़े से जलापूर्ति बंद होने पर वार्डवासियों ने विरोध जताते हुए जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की है। वार्ड के श्यामलाल पंवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अभियंता के समक्ष विरोध जताते हुए एक ज्ञापन सुपुर्द कर बताया कि वार्ड में फलसूण्ड रोड पर निर्मित एसआर से पानी की आपूर्ति की जाती है। वार्ड में 100 से अधिक परिवार निवास करते है। गत एक पखवाड़े से जलापूर्ति बंद होने के कारण वार्डवासियों को ट्रैक्टर टंकियों से पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।
यहां टांका ही सूखा
क्षेत्र के कालीमगरी से केरावा जाने वाले मार्ग पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय मंगलपुरा केे पास स्थित ढाणियों में भी पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पेयजल व्यवस्था के नाम पर केवल एक टांका निर्मित है, जो पूर्व में एकां गांव के नलकूप से जुड़ा हुआ था, लेकिन गत एक वर्ष से जलापूर्ति बंद पड़ी है तथा पाइपलाइन भी जगह-जगह से टूट चुकी है। ऐसे में ग्रामीणों को महंगे दामों में ट्रैक्टर टंकियों से पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार जलदाय विभागाधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सुचारु की जाएगी जलापूर्ति
वार्ड संख्या 15 में सीवरेज लाइन लगाने के दौरान पाइपलाइन को तोड़ दिए जाने से जलापूर्ति नहीं हो रही है। शीघ्र ही पाइपलाइन को ठीक कर जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। कालीमगरी से केरावा गांव तक लगाई गई पाइपलाइन में कुछ अवैध कनेक्शन है तथा टांका भी क्षतिग्रस्त है। अन्य सार्वजनिक टांके में पाइपलाइन जोडक़र जलापूर्ति सुचारु की जाएगी।
-सुशीलकुमार कश्यप, अधिशासी अभियंता जलदाय विभाग, पोकरण।

Published on:
04 Apr 2019 05:21 pm