
जैसलमेर . सीमावर्ती जैसलमेर जिले में रविवार को सर्दी मावठ की बूंदों पर सवार होकर पूरे तेवरों के साथ छा गई। तडक़े प्रारंभ हुए बारिश के दौर से जैसलमेर के बाशिंदों के साथ यहां घूमने आए देशी-विदेशी सैलानी ठिठुरने पर विवश हो गए। तेज गति से हुई बरसात से सडक़ों पर पानी भर गया और लोग बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकले अन्यथा उन्होंने रविवार की छुट्टी घर पर बिताने में ही भलाई समझी।
चांधन. आज प्रात: मौसम मे आए बदलाव के बाद शुरू हुई बारिश का दौर रुक-रुक कर देर शाम तक चलता रहा। लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कतोंका सामना करना पड़ा। इस बारिश ने किसानों के चेहरों पर रौनक बिखेर दी है। बिजली की कमी व मौसम की मार से पीडि़त किसानों को बारिश से सहारा मिला है। फसलों के लिए अमृतरूपी माने जाने वाले इस बारिश के पानी से फसलों की बिंजाई व पाणत में सहायता मिलेगी वहीं अगेती फसलों को भी पूरा पानी मिल जाएगा।
पोकरण में बूंदाबांदी से जनजीवन अस्त-व्यस्त
पोकरण. गत कुछ दिनों से मौसम में चल रहे उतार चढ़ाव के बीच रविवार को अलसुबह से देर शाम तक हुई बूंदाबांदी से क्षेत्र में सर्दी बढ़ गई तथा जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। रविवार को अलसुबह मौसम ने पलटा खाया। रातभर में आसमान में बादल छा गए तथा अलसुबह साढे पांच बजे बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। करीब छह बजे तेज बौछारों के साथ हल्की बारिश होने लगी तथा करीब आधे घंटे तक बारिश का दौर चला। जिससे छतों से परनाले चलने लगे तथा गली मोहल्लों में भी जगह-जगह पानी जमा होने से कीचड़ फैल गया। इसके बाद दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। आसमान में दिनभर बादलों का डेरा लगा रहने के कारण सूर्य की किरणें नहीं निकली तथा सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ गई। सर्दी के चलते लोगों ने अलाव तापकर तथा ऊनी व गर्म वस्त्र पहनकर सर्दी से बचने का जतन किया। दिनभर ऊनी वस्त्रों की दुकानों व गर्म खाद्य एवं पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली। बारिश व अचानक बढ़ी सर्दी के कारण मौसमी बीमारियों के बढऩे की भी आशंका व्यक्त की जा रही है।
रामदेवरा. गांव में रविवार को बदले मौसम के मिजाज ने ग्रामीणों को ठिठुरा दिया। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे तथा रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर चल रहा था। आसमान में छाए बादलों के कारण सूर्य की किरणें नहीं निकली। सर्दी के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ। (नि.सं.)
नोख. क्षेत्र में रविवार को दिनभर आसमान में बादलों का डेरा जमा रहा। इसके अलावा अलसुबह शुरू हुआ रिमझिम फुहारों व बूंदाबांदी का दौर रुक-रुककर दोपहर तक जारी रहा। लोगों ने गर्म व ऊनी वस्त्र पहनकर तथा अलाव तापकर सर्दी का सामना करने का जतन किया।