साइकिल रैली का स्वागत, जाएगी दिल्ली
जैसलमेर. लोंगेवाला बैटल के स्वर्णिम 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित साइकिल रैली जो लोंगेवाला वॉर मेमोरियल से नेशनल वॉर मेमोरियल दिल्ली तक जाएगी। रैली में भारतीय सेना की ऑल वुमेन साइकिल एक्सपीडिशन के 16 साइक्लिस्ट का स्थानीय इंदिरा इंडोर स्टेडियम में जैसलमेर साइकिलिंग क्लब के सदस्यों की ओर से स्वागत किया गया। जिला खेल अधिकारी राकेश विश्नोई की ओर से जैसलमेर बास्केटबॉल एकेडमी के बारे में जानकारी दी और एकेडमी के राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय खिलाडिय़ों के बारे में बताया। जैसलमेर साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष कंवराजसिंह, उपाध्यक्ष सत्यजीत खत्री, सचिव डॉ. हितेश चौधरी, कोषाध्यक्ष गजेंद्र शंकर शर्मा, प्रेमसिंह, दिनेश खत्री, डॉ. सत्ताराम, महेंद्रसिंह मेवाड़ा, नरेंद्र छंगानी, प्रशांत राहड़ हैंडबॉल कोच कोजाराम ने सभी वुमन साइक्लिस्ट का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। क्लब सचिव डॉ. हितेश चौधरी ने बताया कि भारतीय वायु सेना की ओर से आयोजित इस रैली से 1971 के लोंगेवाला बैटल में शहीद हुए सिपाहियों को याद किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जैसलमेर साइकिलिंग क्लब के सदस्य इनके साथ जैसलमेर वायु सेना स्टेशन से जैसलमेर वार म्यूजियम तक साइकिलिंग करेंगे एवं इनका हौसला अफजाई करेंगे।