जैसलमेर

jaisalmer: हवाई सेवा का विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से शुरू, दिल्ली के साथ जुड़ेगा जैसाण

जैसलमेर में पर्यटन सीजन के बीच 25 अक्टूबर से दिल्ली के लिए एयर इंडिया की उड़ान के साथ हवाई सेवाओं की शुरुआत हो रही है। इसके बाद 26 अक्टूबर से इंडिगो और एयर इंडिया की नियमित उड़ानों के जरिए जैसलमेर का दिल्ली और मुंबई से सीधा संपर्क जुड़ जाएगा। देश के प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलने से सैलानियों को सहूलियत मिलेगी और स्थानीय पर्यटन कारोबार को बड़ी गति मिलने की उम्मीद है।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 8:58 PM IST
jaisalmer
जैसलमेर. सिविल एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल के अंतर्गत शुरू होगी हवाई सेवाएं।

जैसलमेर. स्वर्णनगरी जैसलमेर में पर्यटन सीजन के बीच 25 अक्टूबर से हवाई सेवाओं की शुरुआत हो रही है। रविवार को पहले दिन केवल एयर इंडिया की ओर से जैसलमेर और दिल्ली के बीच हवाई सेवा का आगाज किया जाएगा। उसके अगले दिन इंडिगो और एयर इंडिया की उड़ानों के जरिए जैसलमेर का दिल्ली और मुंबई से हवाई संपर्क मजबूत होगा। 26 अक्टूबर से उड़ानों का नियमित संचालन शुरू होने के साथ पर्यटकों और यात्रियों को आवागमन के अधिक विकल्प मिलेंगे। पर्यटन सीजन में देश के प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलने से जैसलमेर आने वाले सैलानियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली और मुंबई से सीधी उड़ानें

जानकारी के अनुसार इंडिगो की ओर से 26 अक्टूबर से दिल्ली और मुंबई के लिए हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी। दिल्ली से जैसलमेर आने वाली उड़ान दोपहर 1.15 बजे रवाना होकर दोपहर 2.55 बजे पहुंचेगी। वापसी में जैसलमेर से दिल्ली के लिए विमान दोपहर 3.30 बजे रवाना होकर शाम 5.05 बजे पहुंचेगा। मुंबई से जैसलमेर आने वाली इंडिगो की उड़ान सुबह 8.10 बजे रवाना होकर सुबह 10.10 बजे पहुंचेगी। वापसी में जैसलमेर से मुंबई के लिए विमान सुबह 10.45 बजे रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे पहुंचेगा। दोनों मार्गों पर सप्ताह में इंडिगो की ओर से 5 दिन उड़ानों का संचालन प्रस्तावित है। शनिवार और रविवार को इन उड़ानों का संचालन नहीं होगा।

एयर इंडिया की भी दो उड़ानों की सुविधा

ट्रेवल एजेंट अखिल भाटिया ने बताया कि एयर इंडिया की उड़ान सेवा 25 अक्टूबर से शुरू होगी। पहले दिन दिल्ली से जैसलमेर के लिए एक उड़ान निर्धारित है, जो दोपहर 1.30 बजे रवाना होकर दोपहर 3.20 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। वापसी में विमान शाम 4.05 बजे रवाना होकर शाम 5.50 बजे दिल्ली पहुंचेगा। 26 अक्टूबर से दिल्ली-जैसलमेर मार्ग पर एयर इंडिया की दो उड़ानों का कार्यक्रम रहेगा। पहली उड़ान दिल्ली से सुबह 8.40 बजे रवाना होकर सुबह 10.30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। वापसी में विमान सुबह 11.05 बजे रवाना होकर दोपहर 12.40 बजे दिल्ली पहुंचेगा। दूसरी उड़ान दिल्ली से दोपहर 1.30 बजे रवाना होकर दोपहर 3.20 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। वापसी में जैसलमेर से शाम 4.05 बजे रवाना होकर शाम 5.40 बजे दिल्ली पहुंचेगी। शनिवार और रविवार को एयर इंडिया की ओर से उड़ान संचालित किए जाने का कार्यक्रम बताया जाता है। ऐसे में पर्यटन सीजन के दौरान हवाई सेवाओं के इन विकल्पों से जैसलमेर आने-जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है। उड़ानों के संचालन से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय, होटल, रिसोर्ट और अन्य पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।

Updated on:
24 Oct 2026, 8:58 PM IST
Published on: