रामदेवरा कस्बे में घरेलू विवाद से नाराज एक युवक शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास लगे बिजली पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
रामदेवरा कस्बे में घरेलू विवाद से नाराज एक युवक शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास लगे बिजली पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने के बाद युवक नीचे गिरने के बजाय पोल के बीच बने हिस्से में फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार रामदेवरा की भील बस्ती निवासी नरपत राम (25) पुत्र बाबूराम की पोकरण रोड बाइपास पर नमकीन और बिस्किट की दुकान है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह घर में हुए विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया और रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच गया। घटना रामदेवरा रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर सुबह लगभग 9:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे लाइन के पास लगे बिजली पोल पर चढ़ गया। इसी दौरान उसे करंट का तेज झटका लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने के बावजूद वह नीचे नहीं गिरा और पोल के बीच बने ब्लॉक में फंस गया।
घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और युवक को नीचे उतारकर पोकरण अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान भाजपा नेता चंदनराम कुमावत ने भी घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पोकरण अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
पोकरण कस्बे में दो दिन पूर्व एक गाड़ी की टक्कर से वृद्ध घायल हो गया। जिसको लेकर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार झलारिया निवासी किरताराम पुत्र राउराम मेघवाल ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसके पिता राउराम दो दिन पूर्व घरेलू सामान लेने के लिए पोकरण आए थे। दोपहर करीब 1 बजे चौराहे से बस स्टैंड की तरफ जा रहे थे। इस दौरान राउमावि के आगे मुख्य चौराहे के पास पीछे से आ रही एक गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वे उछलकर दूर जा गिरे और घायल हो गए। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से भाग गया। उसके चाचा मांगीलाल ने उन्हें पोकरण अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रैफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।