रेल की चपेट में आने से युवक की मौत
लाठी (जैसलमेर). क्षेत्र के चाचा-ओढ़ाणिया गांव के बीच रेलवे ट्रेक पर शुक्रवार को सुबह एक युवक की रेल की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लिया तथा शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए है। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे जोधपुर से जैसलमेर की तरफ एक्सप्रेस रेल जा रही थी। इस दौरान चाचा-ओढ़ाणिया गांव के बीच रेलवे ट्रेक पर एक युवक रेल की चपेट में आ गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। रेल के पायलट ने तत्काल रेल रोक दी तथा मृतक के शव को ओढ़ाणिया रेलवे स्टेशन लाकर रख दिया। ओढ़ाणिया रेलवे स्टेशन से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थानाप्रभारी किशनसिंह भाटी, रेलवे पुलिस से करणसिंह, रेलवे सुरक्षा बल से मोहनसिंह चौधरी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। युवक की तलाशी लेने पर उसके पहचान से संबंधी कोई कागजात नहीं मिला। युवक की उम्र करीब 25 वर्ष है तथा शरीर से दुबला पतला है और टी-शर्ट व पेंट पहने हुए है। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोकरण के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए।