जैसलमेर

Jaisalmer: 20 दिन पहले सऊदी से लौटे युवक की मस्तिष्क रक्तस्राव से मृत्यु, गांव में शोक

पोकरण अस्पताल से उसे जोधपुर रेफर किया गया था। मंगलवार को मृतक का शव पैतृक गांव सनावड़ा लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। गमगीन माहौल में मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम विदाई देने पहुंचे।
2 min read
Jul 14, 2026
lathi news jaisalmer
सनावड़ा गांव में ब्रेन हेमरेज से युवक की मौत

लाठी. क्षेत्र के सनावड़ा गांव में एक युवक की मस्तिष्क रक्तस्राव से उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। सोमवार शाम घर पर अचानक सिर में तेज दर्द होने के बाद युवक बेहोश होकर गिर पड़ा था। परिजन उसे तत्काल पोकरण के राजकीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर किया गया। मथुरादास माथुर अस्पताल, जोधपुर में उपचार के दौरान युवक हबीब खां पुत्र मुबारक खां की मृत्यु हो गई। मंगलवार को शव गांव पहुंचने पर क्षेत्र में शोक छा गया। सामाजिक कार्यकर्ता सखि खां ने बताया कि हबीब खां सऊदी अरब में वाहन चालक था और करीब 20 दिन पहले ही अवकाश पर गांव आया था। सोमवार शाम घर पर अचानक उसके सिर में तेज दर्द हुआ और वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा।

अवकाश पर घर आए युवक की जोधपुर में उपचार के दौरान मृत्यु, परिवार का एकमात्र सहारा था

पोकरण अस्पताल से उसे जोधपुर रेफर किया गया था। मंगलवार को मृतक का शव पैतृक गांव सनावड़ा लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। गमगीन माहौल में मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम विदाई देने पहुंचे। हबीब खां की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी एक करीब दो वर्षीय बेटी है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। गांव में हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे थे।

केरालिया में कोबरा ने पांच मुर्गियां निगलीं, किया रेस्क्यू

लाठी क्षेत्र के केरालिया गांव में मंगलवार तड़के एक छह फीट लंबा कोबरा घर के मुर्गियों के बाड़े में घुस गया। जहरीले सांप को देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कोबरा ने बाड़े में मौजूद पांच मुर्गियों को अपना शिकार बना लिया, जिससे पूरे गांव में भय फैल गया। परिजनों ने तत्काल लाठी वन विभाग को सूचना दी, पर काफी इंतजार के बावजूद टीम नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार ने वन्यजीव प्रेमी एवं सर्प रेस्क्यूकर्ता विक्रम दर्जी को सूचना दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया। आक्रामक कोबरा को पकड़ना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन काफी मशक्कत व सावधानी के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र थे। कोबरा को आबादी से दूर उसके प्राकृतिक अवास में छोड़ा गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। कामधेनु सेना के केरालिया ग्राम अध्यक्ष रणवीर सिंह भाटी ने वन विभाग की अनदेखी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित रेस्क्यूकर्ता समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे, जिससे वन्यजीव संरक्षण और लोगों की सुरक्षा बनी रहे।

Updated on:
14 Jul 2026 08:59 pm
Published on:
14 Jul 2026 08:58 pm