
रामदेवरा (जैसलमेर). लोहारकी गांव में शराब के ठेके पर उधार शराब देने से इनकार करना सेल्समैन को भारी पड़ गया। उधार शराब को लेकर हुए विवाद के करीब दो घंटे बाद दो युवक हॉकी लेकर दोबारा ठेके पर पहुंचे। आरोप है कि इनमें से एक युवक ने ठेके के अंदर घुसकर सेल्समैन के सिर पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में 12 टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पोकरण और फिर गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। लोहारकी शराब ठेके के सेल्समैन सुमेरसिंह ने रामदेवरा थाने में रिपोर्ट दी कि शाम करीब 7:30 बजे दो युवक ठेके पर पहुंचे थे। दोनों ने उधार शराब देने की मांग की। सुमेर सिंह ने उधार शराब देने से इनकार किया तो दोनों युवकों से विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों वहां से चले गए।
रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे सुमेर सिंह अपने साथियों के साथ ठेके पर दिनभर का कलेक्शन गिन रहा था। इसी दौरान दोनों युवक फिर ठेके पर पहुंचे। आरोप है कि रामस्वरूप नाम का युवक हाथ में हॉकी स्टिक लेकर अंदर घुसा और सुमेर सिंह के सिर पर वार कर दिया। हमले से ठेके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कार्मिकों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद दोनों युवक मौके से भाग गए।
हमले की पूरी घटना ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक युवक हॉकी लेकर ठेके के अंदर जाता और सेल्समैन के सिर पर वार करता दिखाई दे रहा है। हमले के बाद मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव करते नजर आते हैं। घायल सुमेर सिंह को पहले लोहारकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पोकरण भेजा गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जोधपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने सुमेरसिंह की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान और भूमिका की पड़ताल की जा रही है।