जालंधर

मोगा में पुलिस ने रोका तो बाइक सवारों ने चलाई गोलियां, जवाबी फायरिंग में दो युवकों को लगी गोली, हथियार बरामद

Moga Police Encounter: पंजाब के मोगा में चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दो हथियार और बाइक बरामद की है।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 4:31 PM IST
Punjab Police Firing
मोगा में पुलिस पर फायरिंग के बाद FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। (फोटो सोर्स-ANI)

Police Encounter Punjab: पंजाब के मोगा जिले में पुलिस की चेकिंग के दौरान उस समय फायरिंग शुरू हो गई, जब बाइक सवार दो युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। नत्थूवाला गांव के पास हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों युवक घायल हो गए। उनके दाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। उनके पास से दो हथियार और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

घायल युवकों की पहचान गुरसेव सिंह और आकाश के रूप में हुई है। दोनों मोगा जिले के रहने वाले हैं। डीएसपी सुखविंदर सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नत्थूवाला गांव की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए।

रुकने के बजाय भागने लगे, फिर की फायरिंग

डीएसपी के मुताबिक, युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर थाना प्रभारी की टीम ने उन्हें बाइक रोकने का इशारा किया। लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय वहां से भागने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायर कर दिए।

पुलिसकर्मियों ने भी अपनी सुरक्षा में जवाबी फायरिंग की। डीएसपी ने बताया कि पुलिस की तरफ से कुल तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। इनमें एक गोली पेड़ पर लगी, जबकि बाकी दो गोलियां दोनों युवकों के दाएं पैर में लगीं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।

दो अलग-अलग बोर के हथियार मिले

पुलिस ने युवकों के पास से .30 बोर और .32 बोर के दो हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। गोली लगने से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

डीएसपी सुखविंदर सिंह बराड़ ने बताया कि गुरसेव सिंह और आकाश के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और लूट के मामलों में केस दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब इस फायरिंग की घटना और बरामद हथियारों को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों युवक हथियार कहां से लाए थे और क्या वे किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं।

Updated on:
10 Nov 2026, 4:31 PM IST
Published on: