जालौन

शादी 11 दिन पहले युवती ने किया सुसाइड… लिखा मेरी आखिरी इच्छा मेरे मरने के बाद मेरे मंगेतर से छोटी बहन की शादी कर देना

यूपी के जालौन जिले में शादी के 11 दिन पहले एक युवती ने घर के किचन में फांसी के फंदे से झूल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। अपने सुसाइड नोट में मंगेतर से छोटी बहन की शादी कराने की इच्छा जताई।

2 min read
Mar 03, 2026
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

जालौन जिले में एक युवती ने सुसाइड नोट लिखकर खुदकुशी कर ली। युवती ने अपनी बड़ी बहन पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उसने पिता की बीमारी के इलाज को लेकर बहन को जिम्मेदार ठहराया। 11 दिन बाद 14 मार्च को युवती की शादी होनी थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

जालौन जिले के गोखले नगर इलाके में रहने वाली नेहा प्रजापति ने मंगलवार को अपने घर के किचन में फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने अपनी बड़ी बहन रोली पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। नेहा ने लिखा कि उसकी बहन ने अपनी शादी को प्राथमिकता दी। और कैंसर से जूझ रहे पिता के इलाज पर ध्यान नहीं दिया। नेहा का मानना था कि अगर समय रहते बेहतर इलाज कराया जाता तो उसके पिता आज जिंदा होते।

25 फरवरी कैंसर से जूझ रहे पिता की इलाज के दौरान हुई मौत

बताया जाता है कि नेहा चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन मीनू की शादी पहले ही हो चुकी थी। जबकि रोली की शादी 12 फरवरी को हुई थी। नेहा की शादी 14 मार्च को तय थी। इसी बीच 25 फरवरी को उसके पिता अवध बिहारी प्रजापति का कैंसर से निधन हो गया। पिता की मौत के बाद नेहा काफी चुपचाप रहने लगी थी। और वह अपनी बहन को इसका जिम्मेदार मानने लगी थी। कहा जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले नेहा और रोली के बीच पिता के इलाज को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद देर रात नेहा ने यह कदम उठा लिया। सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।

अपने मंगेतर से छोटी बहन की शादी करने की इच्छा जताई

सुसाइड नोट में नेहा ने बैंक खाते में जमा रकम, घर में रखी नकदी और चाबियों के बारे में भी विस्तार से लिखा है। उसने अपने मंगेतर से माफी मांगते हुए छोटी बहन की शादी उसी से कराने की इच्छा जताई है। साथ ही कुछ पैसों के लेन-देन का भी जिक्र किया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

मामले में सीओ कोंच का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के असली कारण का पता चल सकेगा।

Updated on:
03 Mar 2026 06:19 pm
Published on:
03 Mar 2026 06:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर