
जालौन:- बुंदेलखंड में किसानों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जालौन का है। जहां पहले से ही सरकारी कर्ज में डूबे किसान की फसल पहले बारिश ने बर्वाद कर दी जो फसल बची हुई थी उसे अन्ना जानवर तबाह कर गये। जिससे परेशान होकर किसान सदमे में आ गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे घर में मातम है और परिजन प्रशासन पर इसका आरोप लगा रहे हैं।
घटना उरई तहसील के डकोर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसमिलिया की है। इस गांव के रहने वाले विश्वनाथ के पास 40 बीघा जमीन थी और वह घर पर ही अपनी फसल करता था। पिछले कई सालों से सूखे के कारण उसकी फसल की पैदावार नहीं बढ़ रही थी जिससे वह परेशान रहता था। फसल की पैदावार न होने के कारण के विश्वनाथ के पास अगली फसल बोने के लिये पैसा नहीं था जिस कारण उसने उरई की इलाहाबाद बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया था जिससे वह बीज खाद खरीद सके और अपनी जमीन पर फसल को उगा सके।
केसीसी बनवाकर ले रखा था कर्ज
विश्वनाथ ने किसान क्रेडिट कार्ड 2014 में बनवाया था और उस पर 2015 तक तकरीबन 1 लाख 35 हजार रुपए का कर्ज ले चुका था। जिसका व्याज सहित कर्जा बढ़कर 2 लाख से ऊपर हो चुका था। विश्वनाथ को उम्मीद थी कि सरकार द्वारा कर्ज माफी के कारण उसका भी कर्जा माफ हो जायेगा लेकिन सरकार द्वारा उसका कर्जा माफ नहीं किया गया जिससे वह परेशान हो गया था और कई बार जालौन के डीएम सहित बैंक अधिकारियों के चक्कर लगा चुका था कि उसका कर्जा माफ किया जाये। लेकिन अधिकारियों द्वारा उसे सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा। वही फसल खराब होने के कारण जो बीमा उसने कराया था उसे बीमा कंपनी द्वारा फसल का बीमा भी नहीं दिया गया जिससे वह अधिक परेशान रहने लगा था।
40 बीघा जमीन में नहीं हुआ था कुछ भी
इस बार किसान विश्वनाथ ने अपने 40 बीघा जमीन में उरद और तिल बोई थी लेकिन इस बार फिर प्रक्रति ने उसका साथ नहीं दिया और लगातार हुई बारिश ने उसकी आधी से ज्यादा फसल को बर्वाद कर दिया। कुछ बची हुई फसल से उसे काफी उम्मीद थी कि वह फसल से वह कुछ बीज खाद खरीद सकेगा और उससे आगामी फसल के लिए खेत में पानी बीज और खेत की गुड़ाई मड़ाई कर सकेगा लेकिन उसके इस अरमान पर अन्ना जानवरों ने पानी फेर दिया। बुंदेलखंड में अन्ना मवेसी ने उसकी बची हुई फसल को नष्ट कर दिया जिससे वह सदमे में आ गया। पहले से ही सरकारी कर्ज और खेती में कुछ न होने से परेशान किसान जब अपने घर आया तो उसे सदमे ने जकड़ लिया और उसकी इस सदमे के कारण मौत हो गई। विश्वनाथ की मौत के बाद पूरे घर में कोहराम मच गया। पिता की मौत के बाद उसके 5 पुत्र भी सदमे में है।
कर्ज और अन्ना जानवर से थे परेशान
विश्वनाथ के बड़े पुत्र किशोरी लाल ने बताया कि उसके पिता की मौत सदमे के कारण हुई है। जब वह खेत से लौटे तो वह सदमे में थे क्योंकि फसल जो बोई थी वह पूरी तरह नष्ट हो गई थी और बैंक का कर्जा था जिस कारण पिता जी ने 2 दिन से कुछ खाया भी नहीं था और इसी कारण उनकी मौत हो गई। उन्होने बताया कि बड़े परिश्रम भी करते थे उन्होने बताया कि 2 लाख बैंक का कर्जा था और 50 हजार रुपये खाद का कर्जा भी था। उनका कर्जा माफ नहीं हुआ और कई बार इसके लिये प्रार्थना पत्र भी दिया लेकिन कोई मदद नहीं हुयी इसके अलावा उन्होंने बताया कि कोई भी प्रशासन का अधिकारी नहीं आया और वह सरकार से मदद की मांग करते है।
वहीं उनके दूसरे पुत्र राधेलाल ने बताया कि उनके पिता सदमे में रहते थे और यह सदमा फसल खराब होने के कारण पड़ा है। उनका कहना है कि सरकार अन्ना जानवरों के लिये कोई व्यवस्था नहीं कर रही है और फसल बोते है तो अन्ना जानवर खराब कर देते है। उन्होंने बताया कि कोई भी सरकार द्वारा खराब फसल का बीमा नहीं मिला है जिससे वह परेशान है और सरकार ने कोई कर्जा माफ नहीं किया।
अटैक से हुई किसान की मौत
किसान की मौत के मामले में जालौन डीएम डाक्टर मन्नान अख्तर ने कहा है कि किसान की मौत हृदयगति रुकने से हुई है। किसान के साढ़े 5 हेक्टेयर से ज्यादा भूमि है जो कर्ज माफी के दायरे में नहीं आता था। उन्होंने बताया कि अन्ना जानवरों बुन्देलखण्ड के लिए समस्या है इस बार 10 बड़ी गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। पिछली बार प्रधानों से मिलकर 50 बड़ी गौशाला जनपद में बनवाई गई थी जो संचालित हो रही है।