केंद्र की मोदी सरकार ने देश भर में किसानों की आय दोगुनी करने का अभियान छेड़ा है।
जालौन. केंद्र की मोदी सरकार ने देश भर में किसानों की आय दोगुनी करने का अभियान छेड़ा है। जिसके लिए विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। देश में किसानों के उत्थान के लिए किसी सरकार ने इतना काम पहले नहीं किया। यह दावा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रगतिशील किसान सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रामबाबू द्विवेदी ने किया। रामबाबू द्विवेदी किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं। उनके साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह भी थे। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार द्वारा किसानों की कर्जमाफी सहित उनके कल्याण के लिए उठाये गये तमाम कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब किसान खुशहाल होगा तभी देश मजबूत हो सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा कि देश का कल्याण किसानों के बिना नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रयासरत हैं और उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान हर हाल में हो ऐसा प्रयास किया जा रहा है। हम सभी इस दिशा में प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता व पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि किसानों से सीधे जुड़कर उनकी समस्या का समाधान करें। उपस्थित विधायकों ने कहा कि प्रत्येक किसान की समस्या का समाधान करने का अंतिम प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिवाकर शास्त्री ने की। किसानों तथा अतिथियों का स्वागत जिला संयोजक देवेंद्र सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पच्चीस किसानों को उनकी खेती की कार्यकुशलता तथा तकनीकि एवं अधिक आय अर्जित करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अवध शर्मा, बृजभूषण कुशवाहा, किशोरी लाल राजपूत, भगवती शरण शुक्ला, रविंद्र हसनपुर, नीरज श्रीवास्तव, आलोक मिश्रा, राजकुमार अग्रवाल, अनीता वर्मा, इंद्रराज गुर्जर, सरमजीत पाल, जगदीश पाल, दशरथ सिंह पटेल, शत्रुघन सिंह सेंगर, पुष्पेंद्र सिंह, अजय निरंजन, सुशील गुप्ता, प्रशांत तिवारी, रामजी राजपूत, रमाकांत, रविंद्र उपाध्याय, पूजा सेंगर, अनीता वर्मा, सुमन वर्मा, रेखा वर्मा, मंजू रानी आदि मौजूद रहे।