
IAS Rinku Singh Latest News:उत्तर प्रदेश के चर्चित IAS अधिकारी और जालौन में उपजिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर तैनात रिंकू सिंह राही एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार उरई कलेक्ट्रेट की बार एसोसिएशन के वकीलों ने उनके कार्यशैली और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे को ज्ञापन सौंपा है। वकीलों ने रिंकू सिंह राही का तत्काल तबादला किए जाने की मांग की है।
बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक राजस्व न्यायालयों में कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा। वकीलों का आरोप है कि SDM रिंकू सिंह राही का व्यवहार अधिवक्ताओं के प्रति उचित नहीं है। उनका कहना है कि अधिकारियों की कार्यशैली के कारण वकीलों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है।
वकीलों के अनुसार, 3 अगस्त को उरई कलेक्ट्रेट स्थित जिला बार एसोसिएशन भवन में उपाध्यक्ष ओम नारायण सिंह की अध्यक्षता में राजस्व मामलों से जुड़े अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि जब तक रिंकू सिंह राही का स्थानांतरण नहीं किया जाता और अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक राजस्व न्यायालयों में सहयोग नहीं किया जाएगा।
बैठक के बाद बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। वकीलों ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
यह पहला मौका नहीं है जब रिंकू सिंह राही किसी विवाद को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले जालौन तहसील में एक ब्लॉक प्रमुख के साथ कोल्ड स्टोर से जुड़े मामले को लेकर उनका विवाद सुर्खियों में रहा था। उस घटनाक्रम के बाद उनका तबादला कर उन्हें उरई में न्यायिक SDM पद पर तैनात किया गया था। रिंकू सिंह राही की नई तैनाती को अभी अधिक समय नहीं हुआ है, लेकिन इसी दौरान बार एसोसिएशन ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी शिकायतों का समाधान नहीं होगा और प्रशासन उचित कदम नहीं उठाएगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
बार एसोसिएशन की ओर से ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब प्रशासन के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं। फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।