जालौन

जालौन में महिला को छत से नीचे फेंका… पति 10 लाख रुपए मांगता न देने पर पिटाई करता

जालौन में एक महिला को उसके पति ने छत से नीचे फेंक दिया। हादसे में महिला बुरी तरह से घायल हो गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां महिला का इलाज चल रहा है।

3 min read
Jun 20, 2025
AI Generated Image.

जालौन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की माँंग पूरी न होने पर एक पति ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा और फिर छत से नीचे फेंक दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

दहेज के लिए पति ने पत्नी को छत से फेंका

यह मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के तिलक नगर का है। जानकारी के अनुसार, उरई के श्याम नगर निवासी कमर सिद्दीकी की बेटी आमना (35) की शादी चार साल पहले आरिफ (39) से हुई थी। यह आमना की तीसरी शादी थी। आमना को अपनी दूसरी शादी से तीन बच्चे हैं। पिता कमर सिद्दीकी ने बताया कि निकाह से पहले यह तय हुआ था कि आरिफ आमना के तीनों बच्चों की जिम्मेदारी लेगा, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद आरिफ ने दो बच्चों को घर से निकाल दिया और आमना को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। वह आमना से 10 लाख रुपये अपने घरवालों से लाने के लिए कहता था।

बेरहमी से पिटाई और फिर छत से धक्का

पीड़िता आमना ने जिला अस्पताल में बताया कि 19 जून की शाम को उसके पति आरिफ, देवर इमरान, ननद शहनाज, आरिफ की पहली पत्नी की बेटी निदा और आरिफ के पिता रहमतउल्ला ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। अपनी जान बचाने के लिए वह कमरे में भागी, लेकिन ननद शहनाज और आरिफ की बेटी निदा ने कमरे में ताला बंद कर दिया और उसे वहीं पीटा। जब वह वहां से जान बचाकर छत पर भागी, तो आरिफ भी पीछे-पीछे छत पर पहुंच गया और उसे जान से मारने की नीयत से छत से नीचे धक्का दे दिया।

रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो आया सामने

घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में आमना छत से नीचे खड़ी एक बाइक पर मुंह के बल गिरती हुई दिख रही है, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। दूसरा लगभग एक मिनट का वीडियो है, जिसमें आमना के ससुराल वाले उसे पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिला जान बचाने के लिए भागती है और कमरे की ओर जाती है, जहां उसकी ननद और सौतेली बेटी उसका रास्ता रोक देती हैं। इसके बाद महिला छत की ओर भागती है, जहां उसका पति पीछा करता है, उसे पीटता है और फिर नीचे फेंक देता है।

आरोपी पति और परिजन फरार

आमना के पिता कमर सिद्दीकी के मुताबिक, उनके 10 साल के नाती ने उन्हें फोन कर इस घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, आमना को गंभीर चोटें आई हैं। उरई कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति आरिफ सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

महिला ने की है तीन शादियां

आमना की पहली शादी 2003 में जालौन निवासी बबलू से हुई थी, जिससे उन्हें एक बेटी आफरीन है। बबलू की मौत के बाद आमना ने इटावा के भरथना निवासी हसीन से शादी की, जिनकी कोरोना काल में मृत्यु हो गई। हसीन से आमना के तीन बेटे हैं - मोहम्मद अयान (14), अदनान (12) और अफ्फान (10)। 28 मार्च 2021 को आमना ने आरिफ रहमतुल्ला से तीसरी शादी की थी। आरिफ कॉस्मेटिक की होलसेल दुकान चलाता है। उसकी पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी, जिससे उसे तीन बेटियाँ और एक बेटा है। उसकी बड़ी बेटी निदा की शादी हो चुकी है, लेकिन वह मायके में रह रही है। उसका इकलौता बेटा अशरफ यूरोप में पढ़ाई करता है।

Updated on:
20 Jun 2025 04:17 pm
Published on:
20 Jun 2025 04:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर