जालोर

एइएन से नहीं छूट रहा सायला, तबादला हुआ तो अतिरिक्त कार्यभार लिया

कुछ वर्षों से सायला में ही जमे होने के कारण एइएन से सायला का मोह छूट नहीं रहा, उच्चाधिकारी भी आदेश की पालना करवाने में ध्यान नहीं दे रहे।
2 min read
Aug 31, 2018
jalore#sayla#bhinmal
एइएन से नहीं छूट रहा सायला, तबादला हुआ तो अतिरिक्त कार्यभार लिया

जीतेश रावल@ जालोर. सायला पंचायत समिति में इन दिनों दो-दो सहायक अभियंता कार्यरत है। दोनों ही संशोधित आदेश करवा कर आए हैं। हाल ही में हुए स्थानांतरण में इनको जिले से बाहर भेजा गया था, लेकिन करीब बीस दिन में ही जारी हुई दूसरी लिस्ट में इन दोनों को संशोधित आदेश के तहत वापस जिले में ही लगा दिया गया। हालांकि संशोधित आदेश के तहत एइएन शंकरलाल शर्मा को सायला व एइएन कुलवंत कालमा को जालोर पंचायत समिति में पदस्थापित किया है, लेकिन जालोर के एइएन कालमा अतिरिक्त कार्यभार के नाम पर सायला में भी काम देख रहे हैं। कुछ वर्षों से सायला में ही जमे होने के कारण इनसे सायला का मोह शायद छूट नहीं रहा, लेकिन उच्चाधिकारी भी आदेश की पालना करवाने में ध्यान नहीं दे रहे। यह अनदेखी है या कुछ और, लेकिन इतना जरूर है कि पंचायत समिति में यदि एइएन के दो पद है भी तो वहीं के एइएन को दोनों कार्यभार देने की प्राथमिकता होनी चाहिए।
दो वर्ष पहले भी भेजा था जालोर
पंचायतराज विभाग से जुड़ा यह मामला काफी रोचक है। बताया जा रहा है कि कुलवंत कालमा वर्ष-2010 में जेइएन के पद पर लगे थे। इसके दो वर्ष बाद पदोन्नत होकर सहायक अभियंता बन गए। वर्ष-2016 में 7अक्टूबर को विभाग ने इनका तबादला जालोर पंचायत समिति में कर दिया। वहीं १० अक्टूबर को ओसियां से एइएन गिरीराज नागला को सायला पदस्थापित किया, लेकिन सायला के एइएन कालमा रिलीव नहीं हुए। गत12जुलाई, 2018 को जारी हुई तबादला सूची में भी इनके नाम के आगे कॉलम में पं.स. सायला वर्तमान कार्यरत स्थान जालोर का स्पष्ट उल्लेख है।
बीस दिन में तबादला आदेश संशोधित
हाल ही में जारी हुई तबादला सूची में जालोर जिले के सहायक अभियंताओं को बाहर भेजा गया। गत 12 जुलाई, 2018 को जारी हुई सूची में जिला परिषद में कार्यरत एइएन शंकरलाल शर्मा को गलियाकोट (डूंगरपुर) व कुलवंत कालमा को सायला-वर्तमान जालोर से रामसर (बाड़मेर) भेजा गया। इसके बाद 6 अगस्त, 2018 को जारी हुई सूची में एइएन शंकरलाल शर्मा को संशोधित आदेश के तहत सायला व कुलवंत कालमा को जालोर पंचायत समिति में स्थानांतरित किया गया।
दो पद है इसलिए...
हमारे यहां एइएन के दो पद है। इस कारण जालोर में पदस्थापित एइएन कुलवंत कालमा को एक पद का अतिरिक्त कार्यभार दे रखा है।
- छोगाराम बिश्नोई, विकास अधिकारी, सायला

व्यवस्था करवाएंगे...
इस तरह के मामलों को दो-तीन दिन में ठीक करवाएंगे। पंचायत समितियों में एइएन के पद रिक्त होने से कुछ समस्या आ रही है। अन्य पंचायत समितियों के कार्यभार नजदीकी एइएन को दिए जाएंगे, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही।
- अशोककुमार, सीइओ, जिला परिषद, जालोर

Published on:
31 Aug 2018 12:53 pm