जालोर

चिकित्साकर्मियों ने रखी मांग, अस्पताल बचाने के लिए पीएमओ बदलो

चिकित्साकर्मियों ने कार्यशैली का विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि कर्मचारियों के प्रति पीएमओ का व्यवहार सही नहीं है। इससे अस्पताल का कार्य प्रभावित हो रहा है। अस्पताल को बचाने के लिए पीएमओ बदलने की मांग की गई।
2 min read
Aug 24, 2018
jalore#hospital
चिकित्साकर्मियों ने रखी मांग, अस्पताल बचाने के लिए पीएमओ बदलो

जालोर. जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह चिकित्साकर्मियों ने बैठक आयोजित कर डॉ. एसपी शर्मा को प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) पद से हटाने की मांग की। चिकित्साकर्मियों ने उनकी कार्यशैली का विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि कर्मचारियों के प्रति पीएमओ का व्यवहार सही नहीं है। इससे अस्पताल का कार्य प्रभावित हो रहा है। अस्पताल को बचाने के लिए पीएमओ बदलने की मांग की गई। बैठक के दौरान वक्ताओं ने खुले तौर पर आरोप लगाया कि पीएमओ हर बात पर तू-तड़ाका करते हैं। मेडिकल अवकाश पर जाने वाले कार्मिकों को भी वापस बुलाने के लिए मेडिकल बोर्ड से जांच करवाते हैं। आरोप लगाया कि नर्सिंगकर्मियों की हड़ताल के दौरान भी पीएमओ का रवैया सही नहीं रहा। इसके बाद से विभिन्न तरीकों से लगातार प्रताडि़त किया जा रहा है, जिससे कार्मिकों में रोष व्याप्त है।
गठित की संघर्ष समिति
आंदोलन की रणनीति के तहत नर्सिंगकर्मियों के सभी गुट एकजुट हुए तथा मेल नर्स जफरुल्ला खान की अध्यक्षता में संयुक्त संघर्ष समिति का गठन किया। साथ ही जिला प्रशासन को ज्ञापन देने का निर्णय किया। पीएमओ बदलने की कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
मनमर्जी से लगा देते हैं ड्यूटी
बैठक में चिकित्साकर्मियों ने आरोप लगाया कि पीएमओ की कार्यशैली सही नहीं होने से समस्या बढ़ रही है। मनमर्जी से ड्यूटी लगाने एवं कार्मिकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। इससे अस्पताल में सही तरीके से काम करना मुश्किल हो रहा है। अवकाश पर गए कार्मिकों को भी किसी न किसी तरीके से वापस बुलाने का दबाव बनाया जाता है। इससे अस्पताल की व्यवस्थाएं बिगड़ रही है।
... नहीं तो बंद करेंगे काम
कार्मिकों ने बैठक के दौरान आंदोलन की रणनीति तय की। इसके तहत प्रारंभ में जिला कलक्टर को ज्ञापन देने का निर्णय किया गया। इसके बाद अस्पताल में गेट मीटिंग एवं अंतिम चरण में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। जल्द ही पीएमओ नहीं बदले जाने पर आंदोलन तेज करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
यह बताते हैं पदाधिकारी
नर्सिंग एसोसिएशन जिलाध्यक्ष गोविंदसिंह मंडलावत ने बताया कि नर्सेज ने पीएमओ की कार्य शैली कार्मिकों के प्रति सही नहीं होने की बात बताई, जिस पर एकत्र होकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें खासतौर से यही था कि अस्पताल बचाने के लिए पीएमओ बदलना जरूरी है। इस सम्बंध में संघर्ष समिति गठित की गई है। नर्सेज एसोसिएशन जिलाध्यक्ष वीरमाराम राणा ने बताया कि कार्मिकों के हित में पीएमओ बदलना आवश्यक है।
मुझे जानकारी नहीं है...
मुझे पद से हटाने के लिए चिकित्साकर्मियों ने कोई बैठक आयोजित की है इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मैंने किसी के साथ दुव्र्यवहार नहीं किया।
- डॉ. एसपी शर्मा,पीएमओ, जिला अस्पताल, जालोर

Published on:
24 Aug 2018 01:12 pm