जालोर

जालोर में बवाल: धरने पर बैठे ग्रामीणों को ट्रैक्टर-जेसीबी से कुचलने का प्रयास, मची भगदड़

जालोर: दादाल गांव में भूमि आवंटन विवाद को लेकर चल रहे धरने के दौरान तनाव बढ़ गया। ग्रामीणों ने मजदूरों पर ट्रैक्टर और जेसीबी दौड़ाकर कुचलने का प्रयास करने का आरोप लगाया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई।

2 min read
May 20, 2026
मजदूरों ने प्रदर्शनकारियों पर दौड़ाया ट्रैक्टर फोटो: पत्रिका

जालोर। दादाल में कथित गलत भूमि आवंटन को निरस्त करवाने की मांग को लेकर पांच दिन से जारी धरना मंगलवार को उस समय उग्र हो गया, जब आवंटित भूमि पर पहुंचे धरनार्थियों और वहां कार्य कर रहे मजदूरों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। अचानक माहौल बिगड़ने से वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। महिलाएं और बुजुर्ग भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मजदूरों ने ट्रैक्टर और बुलडोजर उनकी ओर दौड़ाकर कुचलने का प्रयास किया। हालांकि समय रहते लोग इधर-उधर भाग गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा महिलाएं और पुरुष जान बचाने के लिए भागते नजर आए। कुछ देर तक वहां तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोग काफी डरे हुए दिखाई दिए।

ये भी पढ़ें

जालोरवासियों के लिए खुशखबरी: कोड़ी रेलवे ओवरब्रिज शुरू, अब हर 25 मिनट में फाटक पर नहीं रुकेंगे वाहन

ग्राम दादाल में एक ट्रस्ट को किए गए भूमि आवंटन को ग्रामीण नियम विरुद्ध बताते हुए निरस्त करने की मांग कर रहे है। इसी मांग को लेकर सड़क किनारे धरना जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांग लंबे समय से प्रशासन के सामने रखी जा रही है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। इसी वजह से लोग लगातार धरने पर बैठे हुए हैं।

मंगलवार को धरने में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के थानसिंह डोली पहुंचे। उन्होंने कहा कि एक घंटे में कार्य बंद नहीं करवाया गया और प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचा तो धरनार्थी आवंटित भूमि पर जाकर धरना शुरू करेंगे। चेतावनी के एक घंटे बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और धरनार्थी आवंटित भूमि की ओर रवाना हुए। उस समय वहां भूमि समतलीकरण और सफाई कार्य चल रहा था। धरनार्थियों और मजदूरों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

मजदूरों ने प्रदर्शनकारियों पर दौड़ाया ट्रैक्टरफोटो: पत्रिका

पुलिस पर पक्षपात का आरोप

घटना के दौरान पुलिस के मौके पर मौजूद नहीं होने को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पक्षपात के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय पर पुलिस मौजूद रहती तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती। करीब आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया।

जानलेवा प्रयास, धरनार्थी उग्र हुए

विवाद बढ़ने पर मजदूरों ने ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनें धरनार्थियों की ओर बढ़ा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर के लिए घटनास्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। जान बचाने के लिए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक और बुलडोजर चालक की ओर मिट्टी और पत्थर फेंके।

घटनाक्रम के बाद चार वाहनों को जब्त किया है। उपदवी लोगों को डिटेन करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। -बलदेवाराम, थानाधिकारी, बागोड़ा

ये भी पढ़ें

Jalore Crime: 6 मर्डर कर चुका हूं, सातवां नंबर तेरा है…एक कॉल से सदमे में आया युवक, परिवार में दहशत
Also Read
View All