
प्रतीकात्मक तस्वीर
जालोर। बागोड़ा उपखंड क्षेत्र में फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित ने बागोड़ा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने अपने मोबाइल फोन में धमकी देने वाले व्यक्ति की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी है, जिसमें आरोपी खुलेआम धमकी देता सुनाई दे रहा है। वहीं धमकी के बाद से युवक सदमे में है।
तिलोड़ा निवासी पीड़ित दिनेश कुमार सैनी के अनुसार फोन करने वाले व्यक्ति ने बातचीत के दौरान कहा कि “मैं छह मर्डर कर चुका हूं और अब सातवां नंबर तेरा है।” यह सुनकर पीड़ित घबरा गया और उसने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पीड़ित ने थानाधिकारी को ऑडियो क्लिप सुनाते हुए अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की। साथ ही आरोपी के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
पीड़ित का कहना है कि धमकी मिलने के बाद परिवार के लोग डरे हुए हैं और घर से बाहर निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय केवल आश्वासन दे रही है। उसका कहना है कि जब सामने वाला व्यक्ति खुद छह हत्याएं करने की बात स्वीकार कर रहा है, तब पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। बागोड़ा थानाधिकारी बलदेवराम का कहना है कि इस संबंध में रिपोर्ट मिली है। प्रकरण के संबंध में अनुसंधान किया जाएगा और धमकी देने वाले को पाबंद किया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही जालोर जिले में अपराध और बेखौफ बदमाशों की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के मांडवला गांव स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार रात एक कार चालक ने टोल राशि को लेकर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की कनपटी पर पिस्टल तान दी थी। आरोपी युवक ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी और हथियार लहराते हुए बिना टोल चुकाए फरार हो गया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद जिले में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Published on:
18 May 2026 06:32 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
