
जालोर के रास्ते दिल्ली से भुज के बीच चलेगी नई ट्रेन। पत्रिका फाइल फोटो
Delhi-Bhuj Express Train: जालोर। राजस्थान के जालोर जिले को 97 साल बाद बड़ी खुशखबरी मिलने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद जालोर को अब राजधानी दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। रेलवे ने भुज से दिल्ली के बीच नई ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह एक्सप्रेस ट्रेन रोजाना चलेगी और जालोर, अजमेर और जयपुर के रास्ते चलेगी। बता दें कि जून 1929 में जालोर से जोधपुर के बीच पहली ट्रेन चली थी। लेकिन, लंबे इंतजार के बाद अब जालोर से दिल्ली के बीच सीधी ट्रेन चलेगी।
रेलवे की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 19403/19404 भुज-दिल्ली-भुज एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन रोजाना होगा। नई ट्रेन के चलने से राजस्थान से गुजरात, हरियाणा और दिल्ली का सफर आसान होगा। खासकर जालोर के लोगों को दिल्ली के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और ट्रेन बदलने के झंझट से भी छुटकारा मिलेगा। माना जा रहा है कि इस ट्रेन 22 मई से संचालन शुरू हो सकता है। हालांकि, रेलवे की ओर से इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रेलवे की ओर से जारी समय सारणी के अनुसार ट्रेन संख्या 19403 भुज-दिल्ली एक्सप्रेस रोजाना सुबह 11:15 बजे भुज से रवाना होगी। यह ट्रेन जालोर, समदड़ी, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई और अलवर होते हुए अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19404 दिल्ली-भुज एक्सप्रेस शाम 4:40 बजे दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी।
यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इस ट्रेन का राजस्थान के 16 रेलवे स्टेशनों पर ठहराव होगा। जिनमें रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर जयपुर, बांदीकुई और अलवर रेलवे स्टेशन शामिल है। इसके अलावा अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धनेरा व रेवाड़ी स्टेशन पर यह ट्रेन रूकेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भुज-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। जिनमें स्लीपर, एसी और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे। एलएचबी कोच होने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
बता दें कि अभी जालोर से जयपुर के लिए सीधे सिर्फ एक ही ट्रेन है, जो भी सप्ताह में एक दिन चलती है। राजकोट स्पेशल ट्रेन को जयपुर से देर रात 1 बजे चलती है और जोधपुर होते हुए सुबह 9 बजे जालोर पहुंचती है। ऐसे में दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को दूसरी ट्रेन बदलनी पड़ती है। लेकिन, अब जालोर से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन मिलेगी।
Updated on:
18 May 2026 05:22 pm
Published on:
18 May 2026 03:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
