
जसवंतपुरा रोड स्थित रेलवे क्राॅसिंग। फोटो- पत्रिका
जालोर। भीनमाल शहर के जसवंतपुरा रोड रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाली यातायात जाम की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार की बजट घोषणा के बाद अब यहां रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी या आरयूबी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके लिए रेलवे की ओर से फिजिबिलिटी सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के बाद डीपीआर तैयार होगी। इसके बाद निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे आने वाले समय में यहां लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिल सकेगी।
शहर के बीच स्थित जसवंतपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों की आवाजाही के दौरान अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरकार ने बजट घोषणा में यहां आरयूबी निर्माण को स्वीकृति दी है। इस रेलवे क्रॉसिंग पर एक लाख 66 हजार 791 टीवीयू दर्ज किए गए हैं।
शहर की करीब 20 फीसदी आबादी रेलवे क्रॉसिंग के इस तरफ निवास करती है। ऐसे में लोगों की आवाजाही इसी मार्ग पर निर्भर रहती है। जानकारी के अनुसार यह रेलवे क्रॉसिंग लगभग हर 25 मिनट में बंद हो जाती है, जिससे जाम की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल, अस्पताल और बाजार जाने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है तथा कई बार एंबुलेंस जाम में फंस जाती है।
शहर के जसवंतपुरा रोड रेलवे क्रॉसिंग पर तीन दिशाओं से रास्ते जुड़े हुए हैं। यहां से रानीवाड़ा बाईपास रोड और जसवंतपुरा मार्ग गुजरता है। ऐसे में यहां टी आकार का अंडरब्रिज या ओवरब्रिज प्रस्तावित किया गया है। इससे रानीवाड़ा की तरफ जाने वाले वाहन चालक भी आसानी से गुजर सकेंगे। वहीं जसवंतपुरा रोड की तरफ आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। ब्रिज बनने के बाद जसवंतपुरा रोड क्षेत्र की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
जसवंतपुरा रोड स्थित सी-93 रेलवे क्रॉसिंग पर आरयूबी या आरओबी का निर्माण रेलवे की ओर से कराया जाएगा। रेलवे इसके लिए फिजिबिलिटी सर्वे करवाने की तैयारी कर रही है। सर्वे और डीपीआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या का समाधान हो सकेगा।
Published on:
16 May 2026 02:37 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
