13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Railway Project: राजस्थान में 97 साल पुराने रेलवे स्टेशन की बदल रही सूरत, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Jalore Railway Station: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालोर रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। करीब 18.74 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

2 min read
Google source verification
Jalore Railway Station

जालोर रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान निर्देश देते डीआरएम। फोटो- पत्रिका

Amrit Bharat Station Scheme जालोर। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड स्थित जालोर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। करीब 97 वर्ष पुराने जालोर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक स्तर पर कायाकल्प किया जा रहा है। वर्ष 1929 में निर्मित इस स्टेशन के पुनर्विकास पर लगभग 18.74 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

यह वीडियो भी देखें

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के अंतर्गत हो रहे इस कार्य का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए जालोर स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यात्रियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुनर्विकास कार्य जल्द पूरा करने पर जोर दिया।

निरीक्षण कर निर्देश जारी किए

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था, विद्युत प्रणाली, सुरक्षा प्रबंध तथा विशेष रूप से सर्कुलेटिंग एरिया में बेहतर रोशनी और पार्किंग सुविधाओं का निरीक्षण किया। स्टेशन परिसर में प्रवेश और निकास द्वार तथा बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शौचालय ब्लॉक में सेनेटरी फिटिंग्स और जल कक्ष से जुड़े कार्य जारी हैं।

जल्द पूरा होगा एफओबी का निर्माण कार्य

यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इसके साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया में पत्थर कॉपिंग, पेंटिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप और विशेष शौचालय, प्लेटफॉर्म शेल्टर, पेयजल बूथ, कोच डिस्प्ले बोर्ड, बेहतर साइनेज और आधुनिक फर्नीचर जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। रेलवे की ओर से स्टेशन को स्थानीय राजस्थानी संस्कृति और पारंपरिक स्थापत्य शैली के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान भी बनी रहे।

भुज-नई दिल्ली का मुख्य कार्यक्रम जालोर में संभावित

भुज-नई दिल्ली तक सीधी रेल सेवा का संचालन इसी माह आगामी कुछ दिनों में शुरू होने की संभावना है। इसी क्रम में तैयारियों को अंतिम रूप देने की कड़ी में इस दौरे को अहम माना जा रहा है। चर्चा है कि इस ट्रेन को जालोर और पाली में स्थानीय जनप्रतिनिधि हरी झंडी दिखाएंगे।