जालोर

Jalore: प्रेग्नेंट महिला की मौत, पीहर पक्ष के लोग रातभर मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे, नहीं उठाया शव

जालोर के आहोर थाना इलाके में 5 महीने की गर्भवती महिला की मौत के बाद मामला गरमा गया। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का केस दर्ज कराया और मोर्चरी के बाहर रातभर से धरने पर बैठे हैं। पीहर पक्ष ने शव लेने से भी इनकार किया है।

2 min read
Nov 16, 2025
धरने पर बैठे परिजन, इनसेट में मृतका गुड़िया, पत्रिका फोटो

जालोर के आहोर थाना इलाके में 5 महीने की गर्भवती महिला की मौत के बाद मामला गरमा गया। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का केस दर्ज कराया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर रातभर से धरने पर बैठे हैं। पीहर पक्ष ने शव लेने से भी इनकार किया है।
थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि 14 नवंबर की शाम करीब 7 बजे सूचना मिली। जिससे पता चला कि आहोर हॉस्पिटल के बाहर एक एसयूवी गाड़ी में विवाहिता का शव रखा हुआ है और परिजन वहां मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जानकारी जुटाकर शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाया गया।

ये है मामला

तखतगढ़ निवासी गुड़िया कुमारी गोगरा की 7 महीने पहले आहोर के गुड़ा बालोतन निवासी देवेन्द्र पुत्र रमेश कुमार के साथ हुई थी। 5-6 महीने तक सब ठीक था। लेकिन करीब 1 महीने पहले गुड़िया ने उसके पति देवेन्द्र को अन्य महिलाएं से फोन पर बात करते पकड़ा था। जिसके बाद दोनों में लड़ाई शुरू हुई। इसके साथ पीहर पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले गुड़िया को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का केस दर्ज कराया है।

पीहर पक्ष के लोग ​अड़े

सूचना मिलने पर मृतका के पीहर पक्ष के लोग भी आहोर अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और उन्होने गाड़ी में शव लाने वाले को भी गिरफ्तार करने की मांग पुलिस से की। पीहर पक्ष की ओर से ससुराल पक्ष पर मृतका के पति देवेन्द्र कुमार, सास पुषादेवी व ससुर रमेश भील के खिलाफ रिपोर्ट दी है। मृतका गुड़िया के पति देवेन्द्र ने थाने में सरेंडर कर दिया है।

परिजन बोले, रोते हुए गुड़िया ने किया था फोन

मृतका के परिजनों ने बताया कि बीते दो दिन पहले दोपहर को गुड़िया ने फोन किया था। फोन उठाते ही वह रोने लगी और अपनी मां से बात करने की जिद करने लगी, लेकिन उनकी मां काम पर गई थी। मृतका की बहन ने बताया कि मैंने गुड़िया को मां के घर आने के बाद बात करवाने की बात कही। इसके बाद जब गुड़िया को दोबारा फोन किया तो ससुराल वालों ने फोन काट दिया और कई घंटों तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

शव पर चोट के निशान

जानकारी के अनुसार गुड़िया के मुंह और गले पर नाखून के निशान बने हुए हैं। जिससे उसका गला घोंट कर हत्या होने का शव है। पीहर पक्ष के लोगों ने हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त सजा दिलाने की मांग की हैं।

Updated on:
16 Nov 2025 02:21 pm
Published on:
16 Nov 2025 02:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर